सावधान! आपकी ब्यूटी क्रीम हो सकती है नकली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नकली फेयर एंड लवली क्रीम की खेप दिल्ली से आती थी। दिल्ली से 36 रुपये में मिलने वाली 50 ग्राम क्रीम को दोगुने रेट में ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई कर दिया जाता था।
जी हां, यह बिल्कुल सच है और इस सच का खुलासा सोमवार को हरिद्वार की सिडकुल चौकी पुलिस के हत्थे चढ़े नकली क्रीम के सौदागरों ने किया है।
सिडकुल चौकी पुलिस ने हिंदुस्तान यूनीलीवर कंपनी के अधिकारी आरिफ अली के साथ सोमवार को शिवालिक नगर में एक घर में दबिश देकर नकली फेयर एंड लवली क्रीम का गोदाम पकड़ा था। गोदाम से पुलिस टीम ने करीब 1230 (50 ग्राम का पैकेट) नकली फेयर एंड लवली क्रीम बरामद की थी।
दिल्ली से लाकर गांवों में करते थे सप्लाई
चौकी प्रभारी मनोहर सिंह ने बताया कि नकली क्रीम सप्लाई करने के आरोप में अमित कुमार निवासी मिलापनगर रुड़की, शमी निवासी मोहल्ला कैथवाडा ज्वालापुर, विकास निवासी गांव बालावाली मंडावर बिजनौर, जितेंद्र निवासी मोहल्ला चौहनान बहादराबाद, श्रवण निवासी किरतपुर बिजनौर और आरिफ निवासी कांयस्त बड्डा किठौर मेरठ को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी श्रवण व जितेंद्र ही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में क्रीम सप्लाई करते थे और आरिफ व विकास दिल्ली से नकली क्रीम खरीदकर लाते थे। गोदाम संभालने की जिम्मेदारी अमित व शमी की होती थी।
दिल्ली के सप्लायर का नहीं चला पता
आरोपियों से पूछताछ में यह साफ नहीं हो सका कि दिल्ली से नकली क्रीम की खेप कौन उपलब्ध कराता था। आरोपियों ने एक व्यक्ति का मोबाइल फोन नंबर दिया है।
कंपनी अधिकारी आरिफ की ओर से कॉपीराइट एक्ट, धोखाधड़ी समेत प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विधायक जी ने बनाया दबाव
नकली क्रीम के सौदागरों की पैरवी में एक भाजपा विधायक देर रात तक जुटे रहे लेकिन, रानीपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ही लिया। रानीपुर पुलिस से लेकर उच्चाधिकारियों तक संपर्क करके विधायक जी ने आरोपियों को छुड़ाने के पूरे प्रयास किए।