दो अंकों से स्मार्ट सिटी बनने से रह गया दून
- अब 30 जून तक नए सिरे से जमा करना होगा प्रपोजल
- पहले चरण के मुकाबले देहरादून ने स्कोर सुधारा
- टॉपर लखनऊ ने पाए 63 अंक, दून के 52 अंक
विस्तार
स्मार्ट सिटी की दौड़ के दूसरे चरण में भी देहरादून बाहर हो गया। हालांकि अच्छी बात यह है कि दून ने अपने स्कोर में काफी सुधार किया है। लिहाजा, तीसरे चरण में दून का चयन लगभग तय माना जा रहा है। अब नए सिरे से प्रपोजल बनाकर 30 जून तक जमा कराया जाएगा।
स्मार्ट सिटी के तहत पहले चरण में 20 शहरों के चयन के बाद मंगलवार को दूसरे चरण के तहत 13 शहरों का चयन कर लिया गया। इन शहरों में लखनऊ 63 अंकों के साथ शीर्ष पर रहा।
देहरादून के प्रपोजल में स्कोर में काफी सुधार दर्ज किया गया। अरुणाचल प्रदेश के शहर पासीघाट के साथ देहरादून ने संयुक्त रूप से 52 अंक हासिल किए। नागालैंड का कोहिमा 51 अंक लाने में कामयाब रहा। पहले चरण में देहरादून का स्कोर 38.13 प्रतिशत था।
तीसरे चरण में नाम आने की पूरी संभावना
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के नोडल अधिकारी आर मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि हमारे प्रपोजल ने काफी कंपटीट किया, लेकिन हम चूक गए। उन्होंने बताया कि अब केंद्र से जैसे भी निर्देश मिलेंगे, उन खामियों को इंप्रूव करके दोबारा प्रपोजल भेजा जाएगा। इस बार स्मार्ट सिटी की लिस्ट में दून का नाम आने की पूरी संभावना है।
चाय बागान को छोड़कर भी नहीं मिली कामयाबी
इस बार दून की ओर से ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट के रूप में चाय बागान प्रोजेक्ट की जगह, पुराने शहर को संवारने का प्रोजेक्ट भेजा था। रेट्रोफीटिंग प्रोजेक्ट के रूप में पुराने शहर के विकास का खाका भेजा गया, लेकिन वह भी खारिज हो गया। अब चिंता की बात यह भी है कि आगे बजट मिलेगा या नहीं। अगर बजट न मिला तो प्रदेश स्तर के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर भी इससे असर पड़ने की आशंका है।