रुड़की गैंगवारः डिप्टी जेलर होंगे सलाखों के पीछे!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड की रुड़की जेल के मुख्यद्वार पर हुई गैंगवार के मामले में जेलर पर शिकंजा कसता जा रहा है। मामले में पुलिस ने जेल के रजिस्टर में चीनू पंडित की रिहाई के समय में छेड़छाड़ करने के आरोपी डिप्टी जेलर राकेश वर्मा और सिपाही आनंद प्रकाश के खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विगत पांच अगस्त को उपकारागार रुड़की से रिहाई के समय पश्चिमी अंबर तालाब निवासी हिस्ट्रीशीटर चीनू पंडित की रिहाई के समय कुछ अपराधियों ने चीनू पंडित और उसके साथियों पर फायरिंग कर दी थी। इसमें तीन युवकों की मौत हो गई थी तथा सात अन्य घायल हो गए थे।
इसके बाद जेल में बंद सुनील राठी और उसकी मां समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस सुनील राठी के खास गुर्गे अमित भूरा समेत कई को गिरफ्तार कर चुकी है। कई अन्य आरोपियों के घरों की कुर्की की गई थी।
पूरे प्रकरण में तत्कालीन डिप्टी जेलर राकेश वर्मा और एक आरक्षी आनंद प्रकाश पर चीनू की जेल से रिहाई के समय में फेरबदल कर सरकारी दस्तावेजों में कूटरचना करने का आरोप है। पुलिस ने अपनी जांच में इसकी पुष्टि भी की है। जांच अधिकारी जयदेव आर्य ने बताया कि डिप्टी जेलर और आरक्षी की गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से वारंट लेने की प्रक्रिया चल रही है।
कुख्यात राठी को रिमांड पर लेगी पुलिस
गैंगवार की पटकथा लिखने वाले कुख्यात सुनील राठी को रिमांड पर लेने की तैयारी चल रही है। इस संबंध में पुलिस की ओर से कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया है। कोर्ट से रिमांड मंजूर होते ही पुलिस राठी से पूछताछ शुरू करेगी।
मालूम हो कि अभी तक मामले में विवेचक ने कुख्यात राठी से पूछताछ नहीं की है, जबकि जेलर को बुलाकर पूछताछ की जा चुकी है।
पांच अगस्त की शाम को रुड़की उपकारागार के बाहर हुई गैंगवार की वारदात में पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। यहां तक कि मामले में जेलर से भी पूछताछ हो चुकी है। अब पुलिस गैंगवार के मामले में कुख्यात सुनील राठी से पूछताछ कर उसके बयान दर्ज करेगी।
पुलिस ने सुनील राठी से पूछताछ करने के लिए उसे रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी है। एसपी देहात प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि सुनील राठी को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया है। इस समय सुनील राठी पौड़ी जेल में बंद है। सुनील राठी से गैंगवार के मामले में विवेचक की यह पहली पूछताछ होगी।