{"_id":"5871e3da4f1c1b1629ba7d39","slug":"demand-of-change-name-of-andaman-and-nicobar-islands","type":"story","status":"publish","title_hn":"अंडमान-निकोबार द्वीप समूह का नाम शहीद और स्वराज द्वीप करने की मांग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह का नाम शहीद और स्वराज द्वीप करने की मांग
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
Updated Sun, 08 Jan 2017 12:32 PM IST
विज्ञापन
jaya madaan, sanjay dalmia
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का नाम शहीद और स्वराज द्वीप समूह कर दिया जाना चाहिए। भारत मां शहीद सम्मान ट्रस्ट के संस्थापक उद्योगपति और पूर्व सांसद संजय डालमिया ने केंद्र सरकार से यह मांग की है।
विज्ञापन
डालमिया कहते है कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की बदौलत ही हम स्वतंत्र और सुखी जीवन महसूस कर रहे हैं। लिहाजा हमारा भी यह दायित्व बनता है कि अथाह बलिदान देने वाले सेनानियों और उनके परिजनों के लिए हम रचनात्मक कार्य करें। भारत मां शहीद सम्मान ट्रस्ट इसी लक्ष्य और उद्देश्य को केंद्र में रख उन तमाम भूले-बिसरे नायकों के परिवारों सम्मानित करने, उन्हें हर तरह का सहयोग देने की दिशा में प्रयासरत है, जिन्हें बिसार दिया गया।
विज्ञापन
एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने यहां आए डालमिया ने बताया कि 30 दिसंबर 1943 को नेता जी ने इस क्षेत्र में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज फहराया था और अंडमान और निकोबार द्वीपों का नामकरण शहीद और स्वराज द्वीप कर दिया था। ट्रस्ट का उद्देश्य पुन: नामरकण के लिए केंद्रीय सरकार से आग्रह करते हुए इन्हें शहीद और स्वराज द्वीप घोषित कराना है। उन्होंने बताया कि इस बाबत केंद्र सरकार से उनका पत्राचार चल रहा है।
विज्ञापन
ट्रस्ट, अपने स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के लिए ब्रिटिश सरकार से मुआवजा प्राप्त कर उन्हें न्याय और यथोचित पुरस्कार का भागीदार बनाने के लिए उसी स्तर पर कार्य कर रही है, जिस पर चलते हुए केन्या के माऊ-माऊ पीड़ितों ने ब्रिटिश हाईकोर्ट से मुकदमा जीत कर ब्रितानी सरकार से मुआवजा प्राप्त किया था। भारत मां शहीद सम्मान ट्रस्ट सरकार से आग्रह कर रही है कि वह उन सभी राष्ट्रवादी परिवारों के नाम और उनके वर्तमान पतों की सूची उपलब्ध कराये, जिससे उनकी यथोचित सहायता की जा सके।
डालमिया कहते है कि इस दिशा में जागरूकता लाने के लिए ट्रस्ट, भारत मां गौरव श्रृंखला का आयोजन लगातार कर रहा है। इसका उद्देश्य लोगों के बीच स्वतंत्रता सेनानियों, उनके कार्य, कुर्बानियों और संघर्षों को आधार बनाकर देश में राष्ट्रवाद की भावना को विकसित करना था। इस आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को राष्ट्रनिर्माण की भावना के प्रति उत्साहित करने के साथ हरेक में देशभक्ति की भावना विकसित करना है।
उनके साथ ही देहरादून आईं भारत मां शहीद सम्मान ट्रस्ट की सह संस्थापक डा. जया मदान ने कहा किइस श्रृंखला में दिल्ली, देहरादून और कानपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित और आर्थिक सहायता के लिए देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि भारत मां शहीद सम्मान ट्रस्ट कई आयोजनों और कार्यक्रमों के माध्यम से अनाम और भूले-बिसरे नायकों को मन्यता प्रदान करवाने के काम में लगातार जुटी है।
ऐसे कार्यक्रमों से स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किये गये बलिदान से आमजन और विशेष तौर पर युवा पीढ़ी में जागरूकता पैदा होगी और वो अपने जीवन में आत्मसात करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही श्रृंखला के तहत पंजाब, उत्तर प्रदेश के लखनऊ और देश के महत्वपूर्ण जिलों में कार्यक्रमों का आयोजन होगा।