देहरादून: आबकारी विभाग ने पकड़ी देसी शराब बनाने की फैक्टरी, मकान में हो रहा था पैकिंग का काम
- होलोग्राम, खाली पव्वे व तैयार शराब हुई बरामद, एक गिरफ्तार
- देहराखास स्थित एक मकान में हो रही थी देशी शराब की पैकिंग
विस्तार
देहरादून में आबकारी विभाग की टीम ने देहराखास इलाके में चल रही एक देशी शराब की मिनी फैक्टरी पकड़ी है। यहां से बड़ी मात्रा में होलोग्राम, तैयार शराब व खाली पव्वे बरामद हुए हैं। फैक्टरी के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया।
टीम उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। उसकी निशानदेही पर एक होंडा सिटी कार व पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि इन वाहनों से इस शराब की तस्करी की जाती थी।
टीएचडीसी कॉलोनी देहराखास में यह छापा आबकारी इंस्पेक्टर संजय रावत की टीम ने मारा था। रावत ने बताया कि रविवार तड़के सूचना मिली थी कि देहराखास में एक मकान में शराब की फैक्टरी संचालित की जा रही है। टीम ने वहां से विपिन उर्फ विक्की नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। यहां बड़ी मात्रा में होलोग्राम, पव्वे आदि बरामद हुए हैं। तैयार शराब भी वहां पर कंटेनर में रखी हुई थी।
आबकारी ने यह सब माल जब्त कर लिया है। रावत ने बताया कि आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। उसकी निशानदेही पर एक होंडा सिटी कार बरामद हुई। इस कार में भी खाली पव्वे रखे हुए थे। साथ ही एक मकान से पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। इन वाहनों से यह माल सप्लाई करते थे। इस बात की जांच की जा रही है कि आरोपी शराब खुद बनाता था या फिर किसी के माध्यम से खरीदता था। इंस्पेक्टर संजय रावत ने बताया कि आरोपी के बारे में जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
शराब तस्करों को बेचता था माल
विक्की इस अवैध शराब को तस्करों को बेचता था। इसकी पूरी सप्लाई शहर की बस्तियों और आसपास के ग्रामीण इलाकों में थी। हालांकि, आबकारी विभाग यह भी जांचने में जुटा है कि यह ठेकों को तो माल सप्लाई नहीं करता था। इसके अलावा यह जांच भी की जा रही है कि इसके पास होलोग्राम कहां से आए। होलोग्राम असली हैं या नकली अभी इस बारे में जानकारी नहीं मिली है।
एक और पथरिया पीर कांड की थी तैयारी
पिछले साल पथरिया पीर में देशी शराब पीने से आठ लोगों की मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में पाया गया था कि यह शराब तो ठेके की है, लेकिन बीच में कहीं मिलावट की गई है। इस मामले में कई बड़े तस्करों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था, लेकिन शराब कहां से भरी जा रही थी इसका आज तक पता नहीं चल सका है। आबकारी विभाग की रविवार को हुई इस कार्रवाई से पता चलता है कि शहर में तस्कर फिर किसी पथरिया पीर कांड को दोहराने की तैयारी कर रहे थे।