देहरादून: सुसवा नदी किनारे जंगल में मिला इलेक्ट्रिशियन का शव, दो दिन से था लापता, पुलिस मामले की जांच में जुटी
दो दिन से लापता एक व्यक्ति का शव सोमवार को सड़क किनारे जंगल में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं।
विस्तार
देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में नोका-दूधली रोड पर सुसवा नदी किनारे जंगल में सोमवार को एक व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान क्लेमेनटाउन निवासी 50 वर्षीय एरिक जॉन के रूप में हुई है। वह इलेक्ट्रिशियन का काम करता था और सात नवंबर को घर से काम पर जाने के बाद वापस नहीं लौटा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबहसूचना मिली कि नोका-दूधली रोड पर राजपूताना फार्म से आगे सड़क किनारे एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। इस पर नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। व्यक्ति दाहिनी करवट पड़ा हुआ था। आसपास के लोगों की मदद से उसकी पहचान एरिक जॉन पुत्र जॉन शेरी निवासी छोटा भारूवाला, ओस्ले लेन, थाना क्लेमेनटाउन के रूप में हुई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि एरिक जॉन इलेक्ट्रिशियन था। सात नवंबर को वह काम के सिलसिले में घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार को उसका शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।
ये भी पढे़ं...देहरादून: दिवाली पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच विवाद, मारपीट में 15 साल के किशोर की मौत, परिवार में कोहराम
पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में एरिक के शरीर पर चोट के कोई जाहिरा निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पता चल सकेगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।