बड़ोवाला गोलीकांड: एक युवती आई विवाद के केंद्र में, अब पते से गायब, पहले भी हो चुका बैंककर्मी सत्यम का झगड़ा
Dehradun News: बैंक कर्मी सत्यम अपनी बहन के साथ बड़ोवाला में अपने घर जा रहे थे। इसी बीच पीछे से आई एक बाइक उनके सामने आकर रुकी और इस पर सवार दो युवकों में से एक ने तमंचे से सत्यम पर फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली सत्यम के पेट को छूकर निकल गई।
विस्तार
बड़ोवाला में बैंक कर्मी सत्यम चौहान को गोली मारने के मामले में एक युवती पूरी कहानी के केंद्र में आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवती से सत्यम के पुराने संबंध थे जिसे लेकर पहले भी विवाद हुआ था। अब युवती अपने पते से गायब बताई जा रही है।
उधर, हमलावरों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। हमलावर वारदात को अंजाम देने के लिए नकाब पहनकर और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल लेकर आए थे। जानकारी के अनुसार, सत्यम पिछले साल ही देहरादून आए थे। इससे पहले हरिद्वार में बैंक शाखा में काम करते थे।
वह मंगलवार रात करीब आठ बजे अपनी चचेरी बहन के साथ बड़ोवाला में अपने घर जा रहे थे। इसी बीच पीछे से आई एक बाइक उनके सामने आकर रुकी और इस पर सवार दो युवकों में से एक ने तमंचे से सत्यम पर फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली सत्यम के पेट को छूकर निकल गई। स्थानीय लोगों ने सत्यम को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला।
सिर पर खतरे की छत, दांव पर जिंदगियां: मसूरी में 150 साल पुराने बदहाल भवनों में बसे हैं परिवार, डर में लोग
सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो उनमें दिखा कि दोनों युवक नकाब पहने हुए थे। बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस मामले में घायल सत्यम से भी पूछताछ की गई है। बताया जा रहा है कि उसका हरिद्वार में भी पिछले साल झगड़ा हुआ था।
इस पूरी वारदात के केंद्र में एक युवती बताई जा रही है जिसका सत्यम से संबंध था। प्रेम त्रिकोण से भी जोड़कर यह मामला बताया जा रहा है। इस मामले में एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। सत्यम के साथ किसी की रंजिश तो नहीं थी या फिर उसे पहले कोई धमकी मिली या नहीं इन सबकी जांच की जा रही है।