नवजात की मौत पर रो रही थी मां, अस्पताल स्टाफ ने थप्पड़ मारकर किया बेहोश
डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत पर रो रही महिला को नर्सिंगहोम में कार्यरत महिलाकर्मी ने थप्पड़ जड़ दिया। आरोप है उसके बाद महिला को नींद का इंजेक्शन लगा दिया।
नगला खुर्द निवासी गर्भवती महिला को शनिवार को गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक नर्सिंगहोम में डिलीवरी के लिए लाया गया था, लेकिन डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत हो गई।
महिला को जब यह बात बताई गई तो वह रोने लगी। नर्सिंगहोम की महिला कर्मी ने उसे चुप रहने को कहा, लेकिन वह अपने आपको रोने से नहीं रोक पा रही थी। आरोप है इसी बीच कर्मी ने चुप रहने की बात कहते हुए महिला को थप्पड़ जड़ दिया। साथ ही उसे नींद का इंजेक्शन भी दे दिया।
होश में आई महिला ने घरवालों को सुनाई आपबीती
जब महिला को होश आया तो उसने इससे परिजनों को अवगत कराया। महिला कर्मी की इस हरकत से परिजन भड़क गए और हंगामा कर दिया।
नर्सिंगहोम की सूचना पर गंगनहर कोतवाली से एसएसआई राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और शांत कराया। एसएसआई राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। कुछ लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास किए गए।