हिस्ट्रीशीटर को टोका तो पुलिस वालों को पीट डाला, वर्दी फाड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शुक्रवार देर रात हरिद्वार पुलिस के पुलिसकर्मियों को हिस्ट्रीशीटर सन्नी को घर के बाहर खड़े होने पर टोकना भारी पड़ गया। शराब के नशे में धुत हिस्ट्रीशीटर ने भाईयों व अन्य लोगों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों की पिटाई कर दी और उनकी वर्दी भी फाड़ डाली। देर रात को ही पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर एवं उसके साथी को दबोच लिया जबकि अन्य की तलाश जारी है।
नगर कोतवाली में तैनात कांस्टेबल यशवंत व हसनवीर शुक्रवार देर रात क्षेत्र में गश्त पर थे। बिल्वकेश्वर मंदिर की ओर से लौटते मेला अस्पताल के ठीक सामने कुछ लोग हो हल्ला कर रहे थे। पुलिसकर्मियों ने रात होने का हवाला देते हुए सभी से अपने-अपने घर चले जाने को कहा।
आरोप है कि कुछ युवकों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता कर दी। पुलिसकर्मी जब विरोध पर उतरे तब उनकी पिटाई कर दी और वर्दी भी फाड़ दी। भारी भीड़ के एकत्र होने पर पुलिसकर्मियों ने मौके से भागने में ही भलाई समझी। भाग रहे पुलिसकर्मियों पर पत्थर भी फेंके गए।
हमले की सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स वाल्मीकि बस्ती पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमले के मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर सन्नी एवं उसके साथी जितेंद्र उर्फ जित्ती को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि कांस्टेबल यशवंत ने हिस्ट्रीशीटर सन्नी, उसके भाई मन्नी, हन्नी, साथी मोनू, अन्नू, जितेंद्र उर्फ जित्ती समेत 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
पूरे परिवार की ही आपराधिक पृष्ठभूमि
शराब के कारोबार से जुड़े रहे हिस्ट्रीशीटर सन्नी के पिता का भी आपराधिक इतिहास रहा है। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत पिता गुलशन चुटैला पर हत्या, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं और अब बेटे भी उसी राह पर ही हैं।
चाचा संजय चुटैला पर भी एक व्यापारी के अपहरण का आरोप लगा था और तब रासुका की भी कार्रवाई हुई थी। पूरे का पूरा परिवार ही जरायम पेशे में लिप्त है और क्षेत्र में हर कोई इनसे खौफ खाता है।
पुलिस से मारपीट की ये दूसरी घटना
हाल ही में पुलिस के साथ मारपीट की यह दूसरी घटना है। अभी रोडीबेलवाला मैदान में भी पुलिसकर्मियों से ठेली खोमचों वालों ने मारपीट कर दी थी। पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा था लेकिन अन्य आरोपियों ने गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट से स्टे ले लिया है।