छेड़छाड़ से परेशान किशोरी ने जहर खाकर दे दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव के ही कुछ मनचलों की छींटाकशी और छेड़छाड़ से परेशान एक किशोरी ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। घटना हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र की है।
उसने पूरी आपबीती लिखकर सुसाइड नोट घर में छोड़ा है। जिसमें परेशान करने वाले लड़कों के नाम भी लिखे हैं।
पुलिस ने सुसाइड नोट अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इस घटना से समूचे इलाके में हड़कंप मचा है।
गांव के ही रहने वाले हैं आरोपी
मंगलौर क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की 16 वर्षीय पुत्री ने मंगलवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे गांव में ही चिकित्सक के लिए ले गए लेकिन उसकी मौत हो गई।
परिजन उसके जहर खाने का कारण समझ नहीं पा रहे थे घर की तलाशी ली तो उन्हें रूपा का लिखा एक सुसाइड नोट मिला जिसमें उसने गांव के ही कुछ लड़कों की छींटाकशी और छेड़छाड़ करने से परेशान होकर जहर खाने की बात लिखी है।
सूचना मिलने पर गांव में पहुंचे कोतवाली प्रभारी डीएस रावत ने मृतका के परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया।
तेजी से बढ़ रही छेड़छाड़ की घटनाएं
एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।
क्षेत्र में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और छींटाकशी करने की घटनाएं आम होती जा रही हैं। ज्यादातर मामलों में पीड़ित महिलाएं चुपचाप सब कुछ सहन करती हैं लेकिन पुलिस तक मामले नहीं पहुंच पाते।
पुलिस का कहना है कि जो मामले उनके संज्ञान में आते हैं उनमें कार्रवाई की जाती है।
छेड़छाड़ करते हुए घर तक पहुंच गए मनचले
क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा की हालत खराब है। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में दो छात्राओं के परिवार वाले एक सप्ताह से उनके साथ छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं। आरोप है कि पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही।
बताया गया कि छह दिन पहले ट्यूशन जाते समय दो छात्राओं के साथ जादूगर रोड के पास कुछ मनचलों ने छेड़छाड़ की थी । दुस्साहस यह कि विरोध करने पर वे उनके घर तक पहुंच गए थे तब घरवालों ने उन्हें डांटकर भगाया था।
तब से ही दोनों छात्राएं ट्यूशन भी नहीं जा रही। घरवालों का कहना है कि पुलिस को सूचना दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।