भूरा के साथी गिरफ्तार, अब ज्यादा दूर नहीं भूरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए दस लाख रुपये के इनामी अमित सरनावली उर्फ भूरा के दो और साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तराखंड, दिल्ली और यूपी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रवि कुमार दिल्ली में पकड़ा गया, जबकि मनोज बड़ौली को बड़ौत में गिरफ्तार किया गया। बागपत पुलिस के अनुसार मनोज भूरा की फरारी में शामिल नहीं रहा है।
अपर पुलिस महानिदेशक राम सिंह मीणा ने बताया कि हिरनकी नई दिल्ली निवासी रवि के पास भूरा को छुड़ाने में इस्तेमाल की गई सफेद स्कार्पियो और 9 एमएम के दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पूरी साजिश में 16 लोगों के नाम उजागर हुए हैं।
समरपाल, बॉबी उर्फ लंगडा, प्रिंस कुमार और मुहम्मद सद्दाम को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। रवि पहले भी दिल्ली के अलीपुर थाने से जेल जा चुका है। पूछताछ में पता चला है कि घटना में शामिल रहा मोनू त्यागी भी कुछ समय पहले उससे मिलकर निकला था।
पुलिस गिरफ्त से ज्यादा दूर नहीं भूरा
सभी योजनाकारों के नाम स्पष्ट हो गए हैं। आज हुई गिरफ्तारी बड़ी सफलता है। पूरी कहानी पुलिस के सामने है। भूरा अब पुलिस की गिरफ्त से ज्यादा दूर नहीं है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिए जाएंगे। - राम सिंह मीणा अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था
रिश्तेदार ने बताए कई ठिकाने
भूरा को छुड़ाने की साजिश में जेल गए उसके रिश्तेदार बागपत के बावली गांव निवासी राजीव उर्फ बॉबी को 24 घंटे के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उसने भूरा के कई ठिकाने पुलिस को बताए हैं। पुलिस सेलूटे असलाह के बारे में भी खास जानकारी नहीं मिली। उससे शनिवार सुबह तक पूछताछ होगी। पुलिस दिल्ली में पहले पकड़े गए प्रिंस और सद्दाम को बी वारंट पर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
शातिर बदमाश है मनोज
पुलिस के अनुसार बड़ौली गांव निवासी मनोज ने भूरा के साथ देहरादून के विशाल मेगा मार्ट में डकैती समेत कई वारदात की हैं, लेकिन वह उसे छुड़ाने में शामिल नहीं रहा। उसे पुलिस के साथ मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया है। भूरा के फरार होने के बाद पुलिस उसके घर दबिश देने गई थी। तब वह पुलिस के सामने ही भाग निकला था।