वकील के घर पर धांय-धांय से इलाके में दहशत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के कोटद्वार शहर से सटे मानपुर गांव में सोमवार रात एक वकील के घर पर बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। दरवाजा बंद होने के गोली दरवाजे में ही धंस गई। गोलियों की आवाज सुनकर परिवार दहशत में आ गया।
मंगलवार को वकील ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं। फायरिंग करने वालों का पता नहीं चल पाया है।
घटना मानपुर गांव में घनी आबादी के बीच हुई। वकील शैलेश ध्यानी ने पुलिस को बताया कि सोमवार करीब 11 बजे वह सोने की तैयारी ही कर रहे थे, कि किसी ने उनका दरवाजा जोर से खटखटाया।
इससे पहले कि कोई दरवाजा खोलकर बाहर आता। बदमाशों ने ताबड़तोड़ तीन फायर झोंक दिए, जो दरवाजे पर ही धंस गए।
प्राइवेट पिस्टल से झोंके गए फायर
गोली की आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग भी जाग गए और भयभीत हो उठे। अंदर से शोर मचाने पर बदमाश भाग खडे़ हुए। अधिवक्ता ने सुबह थाने में जाकर पुलिस को तहरीर दी।
सूचना मिलते ही एसएसआई डीएस असवाल, एसआई मुकेश डिमरी, अनिल कुमार समेत कई पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने दरवाजे के पास से तीन खोके बरामद किए। फायर 7.65 एमएम की प्राइवेट पिस्टल से झोंका गया था।
पूछताछ में वकील ने किसी पर संदेह नहीं जताया। अलबत्ता, उन्होंने पिछली रंजिश के बारे में पुलिस को जानकारी दी। कोतवाल प्रमोद शाह ने बताया कि आईपीसी की धारा 352 में एनसीआर लिखी गई है।
वकील के कई लोगों से चल रहे विवाद
पुलिस के अनुसार सभी कोणों पर जांच की जा रही है। वकील के कई लोगों से विवाद चल रहे हैं। बताया कि वकील ने अपनी प्रैक्टिस यूपी के बिजनौर जिले से शुरू की थी। कोटद्वार में भी एक अन्य वकील से उनका विवाद चल रहा है।
हाल में उन्होंने एक जमीन का सौदा भी किया था। फायरिंग के तार प्रापर्टी विवाद से भी जुडे़ हो सकते हैं। पुलिस अभी इस बात की जांच में जुटी है कि बदमाश वकील को केवल धमकाना चाहते थे, या फिर किसी और इरादे से आए थे।
वारदात के बाद बदमाश दीवार कूदकर फरार हो गए। घटना से गांव में दशहत बनी रही। वकील ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।