बोर्डिंग स्कूल गैंगरेप प्रकरण: सीबीएसई ने उठाया बड़ा कदम, स्कूल की मान्यता की रद्द
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने छात्रा से गैंगरेप प्रकरण के बाद भाऊवाला स्थित बोर्डिंग स्कूल की मान्यता खत्म कर दी है। बता दें कि, राज्य सरकार के अलावा सीबीएसई देहरादून कार्यालय ने भी स्कूल की मान्यता खत्म करने की सिफारिश की थी।
16 सितंबर को इस बोर्डिंग स्कूल में छात्रा से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया था। अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए सीबीएसई देहरादून ने 17 सितंबर को स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा था।
इसी आधार पर सीबीएसई ने मंगलवार को स्कूल की मान्यता खत्म करने का आदेश जारी कर दिया। सीबीएसई ने माना है कि स्कूल प्रशासन की ओर से बोर्ड के किसी भी नियम का पालन नहीं किया जा रहा था। बोर्ड ने स्कूल की प्रोविजनल मान्यता आगे बढ़ाने की प्रक्रिया रोकते हुए, इसके आवेदन का शुल्क भी लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
न सीबीएसई का नाम इस्तेमाल होगा, न दाखिले होंगे
सीबीएसई ने बोर्डिंग स्कूल के मैनेजर को आदेश दिया है कि अब वह न तो कहीं भी सीबीएसई का नाम इस्तेमाल कर सकते हैं और न ही नौंवी से 12वीं तक किसी भी छात्र को दाखिला दे सकते हैं। केवल फिलहाल 10वीं, 12वीं में पंजीकृत छात्रों को बोर्ड परीक्षा देने का अवसर मिलेगा।
एनओसी निरस्त करने का प्रस्ताव भेजा
शिक्षा महानिदेशक कैप्टन आलोक शेखर तिवारी ने मंगलवार को बोर्डिंग स्कूल की एनओसी खत्म करने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया। जल्द ही एनओसी निरस्त कर दी जाएगी। हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि स्कूल ने गलत तरीके से एनओसी ली हुई थी। अब शासन स्तर से ही इस पर फैसला होगा।