पहले पार्टी ली फिर बर्थडे बॉय को पीट-पीटकर किया लहूलुहान
- कैमल्स बैक रोड के पास एक खोखे में शराब के नशे में भिड़े युवक, बर्थडे बॉय गंभीर
- प्राथमिक उपचार के दौरान अस्पताल में युवकों का हंगामा, स्टाफ से अभद्रता, हड़ताल
- युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दर्ज होने पर माने डॉक्टर और स्टाफ, काम पर लौटे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बर्थ डे पार्टी के दौरान शराब के नशे में धुत युवकों की किसी बात को लेकर बर्थडे बॉय से कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि बर्थडे बॉय को जो दोस्त कुछ देर पहले लंबी उम्र की कामना कर रहे थे उन्होंने ही पीटकर लहूलुहान कर दिया।
घायलावस्था में बर्थडे बॉय को इलाज के लिए सेंटमेरी अस्पताल ले आए। यहां उपचार के दौरान नशेबाज युवक ने डॉक्टर और स्टाफ से अभद्रता करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखते ही युवक घायल युवक को छोड़कर भाग गए।
इधर बृहस्पतिवार सुबह जब चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद नौटियाल अस्पताल पहुंचे तो पूरा स्टाफ नशेबाज युवकों की करतूत का हवाला देते हुए हड़ताल पर चला गया। इससे ओपीडी के मरीज परेशान हो गए। पुलिस ने दोपहर में जब युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया तब जाकर डॉक्टर और स्टॉफ काम पर लौटे। उधर घायल संजय सिंह को सेंटमेरी में प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून भेज दिया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
बीती रात बुधवार को कैमल्स बैक रोड स्थित एक हवाघर के पास लगे खोखे में चार युवक बर्थ डे पार्टी सेलीब्रेट करने के लिए एकत्र हुए। सभी दोस्तों ने जमकर शराब पी।
शराब के नशे में बढ़ी बात, फोड़ दिया सिर
बताया जाता है कि शराब के नशे में धुत युवकों की बर्थ डे बॉय संजय सिंह से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। इसी बीच संजय का सिर पत्थर से टकरा गया और वह बुरी तरह घायल हो गए। भारी मात्रा में संजय के सिर से खून बहता देख तीनों युवक उसे लेकर सेंटमेरी अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में तैनात डॉक्टर सत्यप्रकाश दीक्षित, पैरा मेडिकल स्टाफ एस के जौहरी, वार्ड बॉय मनोज टम्टा और रामगोविंद भट्ट से नशे में धुत युवकों ने हाथापाई, गाली-गलौज शुरू कर दिया। उपचार के दौरान कई दिक्कतें खड़ी कर दी।
पुलिस ने चिकित्साधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश दीक्षित की तहरीर तीन युवकों के खिलाफ मारपीट, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और गाली-गलौज समेत अन्य धाराओं में अंजू पुत्र दरमियान सिंह मेहर निवासी मैसानिक लॉज मसूरी, आनंद सिंह नेगी पुत्र स्व. शूरवीर सिंह निवासी वसंत काटेज नाज गली मालरोड और दीपक सिंह बर्त्वाल पुत्र सोबन सिंह बर्त्वाल निवासी ग्राम जखेड, डागर जाखी-गवाणा कीर्तिनगर टिहरी गढ़वाल के नाम मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस तीनों की तलाश में जुट गई है।