बैंक मैनेजर से 18 लाख लूटने वाले बदमाश गिरफ्तार, 10 लाख बरामद
- पंजाब नेशनल बैंक के दफ्तरी ने की थी बदमाशों की मदद, दो आरोपी फरार
- कैंपटीफाल क्षेत्र में 27 मई को बदमाशों ने लूट लिए थे 18 लाख
- प्रबंधक बैंक की नकदी जमा कराने कार से आ रहे थे देहरादून
विस्तार
टिहरी जिले के कैंपटीफॉल क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक के 18 लाख रुपये लूटने के मामले का सोमवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने बैंक के दफ्तरी समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लूट के 10 लाख रुपये बरामद कर लिए, जबकि दो बदमाश आठ लाख रुपये लेकर फरार हैं। लालच में आए बैंक कर्मचारी ने ही लूट में बदमाशों की मदद की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि टिहरी के नौगांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से प्रबंधक वेदप्रकाश शर्मा 27 मई को दफ्तरी विशाल के साथ 18 लाख रुपये लेकर देहरादून के लिए चले थे।
कैंपटीफॉल के पास सैंट्रो कार सवार बदमाशों ने उन्हें कब्जे में कर कैश लूट लिया था। उन्हें आतंकित करने के लिए बदमाशों ने हवाई फायर भी किया था। बाद में बदमाश दोनों को विकासनगर के ढालीपुर में शक्ति नहर के किनारे छोड़ फरार हो गए थे। सूचना के बाद से देहरादून और टिहरी पुलिस की संयुक्त टीम बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
रुपये के साथ पिस्टल, तमंचा और कार भी बरामद
सोमवार को पुलिस ने विकासनगर के धर्मावाला चौक के पास कार सवार दो बदमाशों मंजेश कुमार निवासी माजरा खेड़ी शिकोहपुर बुग्गावाला (हरिद्वार) और नवनीत कुमार निवासी थापुल इस्माइलपुर बिहारीगढ़ (सहारनपुर) को पकड़ लिया।
उनके पास करीब नौ लाख रुपये बरामद हुए। आरोपियों ने एक लाख रुपये क्लेमेंटाउन स्थित अपने कमरे से बरामद कराए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल, तमंचा और कार बरामद की गई है।
पुलिस ने बताया कि लुटेरों ने बैंक कर्मियों को ढालीपुर के पास छोड़कर कार बदल ली थी। इसके बाद बदमाश क्लेमेंटाउन स्थित अपने कमरे पर पहुंच गए थे। इनमें से दो बदमाश आईएसबीटी पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर माल सप्लाई करते थे। लूट में शामिल दो बदमाश अभी फरार हैं, जो काफी समय से अवैध खनन में भी लिप्त हैं।