कोरोना वायरस: देहरादून के युवक ने स्थगित कर दी शादी, 17 अप्रैल की निकाली थी डेट
- माजरा निवासी राहुल नेगी की 17 अप्रैल को दिल्ली से होनी थी शादी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना के प्रति लोग कितने संजीदा हो चुके हैं, इसका ताजा उदाहरण माजरा निवासी राहुल नेगी हैं। कोरोना के संक्रमण के खौफ से उन्होंने अपनी शादी फिलहाल स्थगति कर दी है।
दरअसल, राहुल की शादी दिल्ली में तय हुई है। 17 अप्रैल को राहुल का जन्मदिन था। इसलिए उन्होंने अपनी शादी की डेट भी इसी दिन ही फिक्स की थी। इसके लिए राहुल ने कार्ड छपवाकर वितरित भी कर दिए थे। इसी बीच कोरोना वायरस दायरा बढ़ गया है। लिहाजा राहुल ने अपनी शादी स्थगित कर दी है।
राहुल नेगी जो ट्रैवल एजेंसी चलाते हैं, उनका कहना है कि चूंकि दिल्ली के साथ ही पूरे देश में कोरोना का खौफ फैला हुआ है। कोई इससे संक्रमित न हो, इसलिए उन्होंने अपनी शादी स्थगित की है। ससुराल पक्ष भी इसके लिए तैयार हो गया है। अब कोरोना खत्म होने के बाद ही शादी की नई डेट तय करेंगे। राहुल ने लोगों से भी कोरोना के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।
प्रदेश में गंभीर स्थिति उत्पन्न न हो : मुख्य सचिव
मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने शासन और जनपदों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोरोना वायरस के मद्देनजर प्रदेश में किसी तरह की गंभीर स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए पहले से विशेष एहतियाती कदम उठाकर हर परिस्थिति का सामना करने के लिए वर्क प्लान तैयार करें।
बुधवार को सचिवालय में आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्य सचिव ने कहा कि लोगों को दी जाने वाले जरूरी सेवाओं का वितरण और आपूर्ति को सुचारू बनाए रखें। इसमें किसी तरह की कमी नहीं आनी चाहिए। खाद्य आपूर्ति, घरेलू गैस के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को व्यवस्थित करें। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने कार्य स्थल क्षेत्र में उचित सैनिटाइजेशन किया जाए और लोगों को सोशल डिस्टेंस बनाने के लिए जागरूक करें।
मुख्य सचिव ने पूर्ति विभाग को गोदाम से लेकर सस्ता गल्ले की दुकानों तक खाद्यान्न, पेट्रोल व गैस का पर्याप्त ट्रांसपोर्ट व चेन सप्लाई बना कर लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। सस्ते गल्ले की दुकानों या भीड़भाड़ वाले स्थानों पर टोकन सिस्टम और कम से कम दूरी बनाने की वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की जाए। सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सघन निगरानी कर खाद्य आपूर्ति में व्यापार मंडल और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन से समन्वय बनाया जाए।
सचिव आपदा प्रबंधन अमित नेगी ने अधिकारियों को सैनिटाइजेशन करने के लिए सोडियम हाइपोक्लोराइट का पर्याप्त मात्रा में सप्लाई करने को कहा। सभी विभाग जनपद स्तर पर सैनिटाइजेशन की प्रतिदिन रिपोर्ट देंगे। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव आनंद वर्धन, सचिव स्वास्थ्य नितेश कुमार झा आदि मौजूद थे।
यात्रियों को मास्क और सेनेटाइजर देगा रोडवेज
रोडवेज बसों में यात्रियों को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाया जा सके, इसके लिए प्रबंधन की ओर से उनको मास्क व सेनेटाइजर मुहैया कराने का आदेश जारी किया गया है। प्रबंध निदेशक ने सभी सहायक महाप्रबंधकों को हिदायत दी है कि चालकों-परिचालकों को मास्क व सेनेटाइजर मुहैया कराया जाए।
यदि यात्रा के दौरान कोई भी यात्री खांसी या जुखाम से पीड़ित है तो उसको तुरंत मास्क लगाकर हाथों को भी सेनेटाइज कराया जाए। प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह चौहान ने चालकों-परिचालकों को सख्त हिदायत दी है कि खांसी-जुकाम से पीड़ित यात्रियों की नजर रखी जाए। साथ ही वे खुद मास्क लगाने के साथ भी सेनेटाइज करें। यदि यात्रा से लौटने के बाद उन्हें लगता है कि जुकाम, खांसी और बुखार है तो वे तत्काल अधिकारियों को अवगत कराने के साथ ही डॉक्टरों से जांच कराएं।
प्रबंध निदेशक चौहान ने आदेश जारी किया है कि रूटों पर जो भी बसें भेजी जा रही हैं, उन्हें सेनेटाइज किए बगैर रवाना नहीं किया जाए। साथ ही मुख्यालय स्तर पर टीम गठित की जाएगी, जो कोरोना वायरस के संक्रमण से यात्रियों व चालकों-परिचालकों को बचाने के लिए किए गए इंतजाम की समय-समय पर समीक्षा करेगी।
एक सप्ताह तक नहीं बनेंगे प्रमाणपत्र, ई-डिस्ट्रिक्ट केंद्र बंद
कर्मचारियों की हड़ताल तो खत्म हो गई है, लेकिन लोगों की परेशानियां कम नहीं होंगी। कलेक्ट्रेट में अब ई-डिस्ट्रिक्ट केंद्र को एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है। इस दौरान किसी भी प्रकार का प्रमाणपत्र नहीं बन सकेगा।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना के संभावित खतरे को देखते हुए ई-डिस्ट्रिक्ट केंद्र और तहसीलों में प्रमाणपत्र नहीं बनाए जाएंगे। यहां बायोमीट्रिक पंजीकरण पर भी रोक रहेगी। हालांकि, इस दौरान ऑनलाइन प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया चालू रहेंगी।
बता दें कि दो मार्च से जनरल-ओबीसी कर्मचारियों ने प्रमोशन में आरक्षण के विरोध में हड़ताल की थी। इस दौरान लगभग सभी अनुभागों से कर्मचारी नदारद थे। ऐसे में किसी प्रकार का प्रमाणपत्र भी नहीं बनाया जा रहा था। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन, अब कोरोना को देखते हुए ई-डिस्ट्रिक्ट केंद्र बंद होने से लोगों की परेशानियां फिर से शुरू हो गई हैं।
ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ियों के पंजीकरण बंद करने की तैयारी
केंद्र सरकार की ओर से पासपोर्ट कार्यालय में पासपोर्ट बनाने की प्रक्रिया पर आंशिक ब्रेक लगाए जाने के बाद अब परिवहन विभाग ड्राइविंग लाइसेंस व गाड़ियों के पंजीकरण की प्रक्रिया पर रोक लगाने की तैयारी कर रहा है। परिवहन आयुक्त शैलेश बगौली की मौजूदगी में हुई बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की गई।
आरटीओ डीसी पठोई ने बताया कि फिलहाल अभी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने व गाड़ियों के पंजीकरण की प्रक्त्रिस्या पर रोक नहीं लगाई गई है। एक-दो दिनों में इस पर कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बता दें, आरटीओ में प्रतिदिन औसतन 300 से अधिक आवेदकों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के साथ ही 150 से अधिक वाहनों के पंजीकरण कराए जाते हैं। ऐसे में आरटीओ कार्यालय में औसतन 400 से 500 लोगों की भीड़ रहती है।
पीएफ के लिए फेसबुक पेज और वॉट्स एप नंबर जारी
देशभर में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण से बचाव के तहत कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने वॉट्सएप नंबर और फेसबुक पेज लांच किया है। पीएफ से जुड़ी समस्याओं का निराकरण इनके माध्यम से किया जाएगा।
ईपीएफओ कमिश्नर मनोज कुमार यादव ने बताया कि पीएफ खाताधारकों को सुरक्षित रखते हुए उनकी समस्याएं सुलझाने के लिए यह शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि पीएफ कार्यालय के बाहर अस्थायी वॉश बेसिन बनाया गया है। खाताधारकों के लिए 6395731375 वॉट्सएप नंबर जारी किया है। इसके अलावा फेसबुक पर EPFO RO, Dehradun के नाम से फेसबुक पेज भी लांच कर दिया है।
खाताधारक इन दोनों माध्यम से अपने पीएफ से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान पा सकते हैं। उनका मकसद है कि पीएफ कार्यालय में कम से कम लोग आएं ताकि किसी तरह का कोई खतरा पैदा न हो। दूसरी ओर, 18 मार्च से 30 मार्च के बीच होने वाली सभी 7ए और 14बी की सुनवाई को भी अप्रैल तक के लिए टाल दिया है। नई तिथियां सभी संबंधित संस्थानों को डाक से भेजी जाएंगी।