सीएए विरोध: दिल्ली-यूपी में बवाल के बाद उत्तराखंड परिवहन निगम ने रोका बसों का संचालन
- देहरादून से दिल्ली जाने वाली बसों को मोहन नगर में रोकने से यात्री रहे परेशान
- सहारनपुर के लिए संचालित बसों पर भी परिवहन निगम ने लगाई रोक
- परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक ने दिए स्थिति पर नजर रखने के निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर पूरे देश में मचे बवाल, तोड़फोड़, आगजनी की घटनाओं के मद्देनजर परिवहन निगम प्रबंधन ने कुछ बसों के संचालन पर रोक लगा दी है। दिल्ली में हंगामे के चलते आईएसबीटी से शाम चार से लेकर देर रात बसों का संचालन ठप रहा, वहीं देहरादून से दिल्ली जाने वाली बसों को मोहन नगर में रोक दिया गया।
पड़ोसी जिले सहारनपुर में हंगामे व तोड़फोड़ के मद्देनजर परिवहन निगम की बसों को सहारनपुर जाने से रोक दिया गया। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम प्रबंधन ने भी सहारनपुर से देहरादून आने वाली बसों के संचालन पर रोक लगा दी है, जिसके चलते यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। देहरादून से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को आईएसबीटी के बजाय मोहन नगर में उतारे जाने के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि देर शाम स्थिति थोड़ी सामान्य होने के बाद दूसरे रास्तों से कुछ बसों को दिल्ली भेजा गया।
दूसरी ओर परिवहन निगम केअधिकारी दूसरे राज्यों के परिवहन निगम अधिकारियों के संपर्क में हैं और इस बात की जानकारी जुटा रहे हैं कि कहां-हां पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हो रही हैं। परिवहन निगम प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह चौहान ने सभी मंडलीय प्रबंधकों और सहायक महाप्रबंधकों को आदेश जारी किया है कि बसों के संचालन में पूरी सावधानी बरती जाए और उन इलाकों में बसों का संचालन न किया जाए जहां तोड़फोड़ व आगजनी की घटनाएं हो रही हैं। पूरी तरह जांच पड़ताल करने के उपरांत ही बसों का संचालन सुनिश्चित कराया जाए।
यात्रियों की संख्या घटी
नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में मचे बवाल के चलते कई लोगों ने अपनी यात्राएं स्थगित कर दी। महज उन्हीं यात्रियों ने परिवहन निगम की बसों में यात्रा की, जिन्हें बेहद जरूरी काम से निकलना था। इससे परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की भारी कमी देखी गई। सामान्य बसों के साथ ही वाल्वो बसाें में भी यात्रियों की भारी कमी रही। महाप्रबंधक दीपक जैन का कहना है कि स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है फिलहाल अभी तक परिवहन निगम की किसी भी बस में तोड़फोड़ आगजनी की घटना नहीं हुई है।
दिल्ली में बसों के लिए भटकते रहे यात्री
परिवहन निगम की बसों को मोहन नगर के पास रोेके जाने से आईएसबीटी नई दिल्ली में हजारों यात्रियों को परेशानियोें का सामना करना पड़ा है। नई दिल्ली में बसों में सीट को लेकर यात्रियों के बीच जबरदस्त मारामारी रही।