चंद रुपयों के लिए छोटा भाई बेच आया बहन का मंगलसूत्र, कारनामा देख हैरानी में पड़े घरवाले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छोटे भाई ने चंद रुपयों की खातिर सगी बहन के सुहाग की निशानी मंगलसूत्र ही बेच डाला। भाई की करतूत सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने मंगलौर के एक सुनार को बेचने की बात कही। पुलिस ने सुनार से महिला का मंगलसूत्र वापस कराया।
दूसरी ओर, पुलिस ने कार्रवाई की बात कही तो महिला का दिल पसीज गया और उसने भाई पर कोई कार्रवाई न करने की बात कहते हुए सुधरने का मौका देने की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित निजी अस्पताल में एक महिला नर्स है। उसकी ससुराल और मायका भी रुड़की में है। शुक्रवार सुबह महिला का नाबालिग भाई घर पहुंचा। इस दौरान उसने मौका पाकर कमरे में रखा बहन का मंगलसूत्र चोरी कर लिया और चला गया।
मंगलसूत्र गायब देख महिला के होश उड़ गए। उसने पूरे घर में तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इस बीच महिला का शक अपने भाई पर गया। उसने मायके पहुंच भाई से मंगलसूत्र के बारे में पूछा तो वह बहाने बनाने लगा। इस पर महिला ने कोतवाली पहुंचकर भाई पर मंगलसूत्र चोरी करने का आरोप लगाया। पुलिस ने महिला के भाई को कोतवाली बुलाकर मंगलसूत्र के बारे पूछा।
पहले वह बहाने बनाने लगा, लेकिन पुलिस ने फटकार लगाई तो उसने मंगलौर के एक सुनार को 2200 रुपये में मंगलसूत्र बेचने की बात कही। पुलिस ने सुनार से मोबाइल पर बात की तो उसने मंगलसूत्र खरीदने की बात कही।
पुलिस ने सुनार से मंगलसूत्र वापस लेकर महिला को लौटा दिया। नाबालिग भाई के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की तैयारी कर रही थी कि बहन का दिल पसीज आया। महिला ने भाई को सुधरने का मौका देने की गुहार लगाई। एसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि नाबालिग को चेतावनी देकर छोड़ दिया है।