सतना: अवैध लहसुन कारोबार पर मंडी समिति का बड़ा एक्शन, 13 लाख रुपये से अधिक कीमत का 83 क्विंटल लहसुन जब्त
सतना के गांधी सब्जी बाजार में मंडी समिति ने छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित 83 क्विंटल लहसुन जब्त किया। इसकी कीमत 13.03 लाख रुपये है। दो फर्मों पर कार्रवाई हुई, एक दुकान सील की गई और मामला न्यायालय में पेश होगा।
विस्तार
मध्य प्रदेश के सतना में कृषि उपज मंडी समिति ने अवैध व्यापार और राजस्व चोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम राहुल सिलाड़िया के मार्गदर्शन में सचिव करुणेश तिवारी के नेतृत्व में मंडी जांच दल ने डेलौरा स्थित गांधी सब्जी बाजार में आकस्मिक निरीक्षण और छापेमारी की। इस दौरान बिना वैध अनुमति के भारी मात्रा में लहसुन का भंडारण और व्यापार पकड़ा गया।
दो फर्मों पर कार्रवाई, एक दुकान सील
जांच दल ने कार्रवाई के दौरान तीन दुकानों में अवैध रूप से लहसुन का भंडारण पाया। इन दुकानों से कुल 83 क्विंटल लहसुन जब्त किया गया, जिसका अनुमानित मूल्य 13 लाख 3 हजार 100 रुपये बताया जा रहा है। जांच में सामने आया कि सीहोर से उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद (प्रयागराज) के लिए जारी अंतरराज्यीय गेट पास का दुरुपयोग कर लहसुन को सतना में अवैध रूप से खपाया जा रहा था। इसे मंडी शुल्क की चोरी और शासन को राजस्व क्षति पहुंचाने का मामला माना गया है। जांच दल ने एक फर्म से 48 क्विंटल लहसुन जब्त किया, जिसका अनुमानित मूल्य 7 लाख 53 हजार 600 रुपये है। वहीं, दूसरी फर्म से 35 क्विंटल लहसुन जब्त किया गया, जिसकी कीमत 5 लाख 49 हजार 500 रुपये आंकी गई है। दूसरी फर्म के पास मंडी समिति का वैध लाइसेंस नहीं था। इसके बावजूद लहसुन का क्रय-विक्रय और भंडारण किया जा रहा था। इस दौरान व्यापारी ने केवल एक अमान्य साधारण बिल प्रस्तुत किया।
पढ़ें: प्रदेश के सभी सरकारी अस्पताल आज से कागज-रहित, सेहत का रिकॉर्ड अब डिजिटल
बंद दुकान भी सील, व्यापारी के घर में मौत की सूचना
जांच के दौरान एक अन्य दुकान बंद मिली। व्यापारी ने घर में किसी परिजन की मृत्यु होने के कारण दुकान बंद रखने की सूचना दी। फिलहाल जांच दल ने इस दुकान को भी सील कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने किसी भी प्रकार की समझौता राशि या शमन कार्रवाई नहीं करने का निर्णय लिया है। मध्य प्रदेश कृषि उपज मंडी अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत प्रकरण को जिला न्यायालय, सतना में विधिवत परिवाद के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। लहसुन की नाशवान प्रकृति को देखते हुए जब्त माल को मंडी के वैध अनुज्ञप्तिधारी व्यापारी की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा गया है। इस छापामार कार्रवाई में मंडी इंस्पेक्टर पंकज सिंह चौहान, उप निरीक्षक प्रमोद शर्मा, केपी सिंह, लक्ष्मीकांत शुक्ला और शशिधर तिवारी शामिल रहे। इसके अलावा, मामले में लापरवाही बरतने पर संबंधित निरीक्षकों को कारण बताओ सूचना पत्र भी जारी किया जा रहा है।
