'तंमचे पर डिस्को' वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी विधायक चैंपियन का घर जलाने की धमकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का विवादित वीडियो वायरल होने पर उनकी फेसबुक वॉल पर उनका घर जलाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। देर रात चैंपियन के बेटे दिव्य प्रताप ने इस संबंध में आराघर चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर मिलने पर पुलिस ने मोहिनी रोड स्थित चैंपियन के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है। चीता व अन्य पुलिस कर्मचारियों को गश्त बढ़ाने के निर्देश दे दिए हैं। दिव्य प्रताप ने पुलिस को सभी संदेशों के स्क्रीन शॉट उपलब्ध कराए हैं। उसके बाद पुलिस आरोपियों का नाम-पता आदि जुटाने में जुट गई है।
विधायक प्रणव चैंपियन के खिलाफ तहरीर
हथियार लहराते हुए उत्तराखंड को गालियां देने की वीडियो वायरल होने के बाद विधायक चैंपियन के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी गई है। वरिष्ठ पत्रकार गजेंद्र रावत ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पुलिस जांच में जुट गई है। साथ ही विधि विशेषज्ञों से राय ली जा रही है।
चैंपियन पर हर्ष फायरिंग के कई मामलों में उन पर मुकदमे चल रहे हैं। शिकायतकर्ता वरिष्ठ पत्रकार गजेंद्र रावत ने कहा है उत्तराखंड बनाने के लिए यहां के 44 लोगों ने शहादत दी। कई दशक तक संघर्ष किया। अब विधायक प्रणव चैंपियन इस तरह के कृत्यों से उत्तराखंड की जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाने में लगे हैं।
इस मामले में एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि सबसे पहले तो इस बात की जांच की जा रही है कि घटना किस जगह की है। हालांकि, जहां तहरीर आई है, वहां भी मुकदमा दर्ज किया जा सकता है, लेकिन इससे पहले विधिक राय ली जा रही है कि किन धाराओं में मुकदमा किया जाए। जल्द ही इस विषय में निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये था मामला
सोशल मीडिया में वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर खानपुर विधायक प्रणव चैंपियन को प्रदेशवासियों के निशाने पर ले लिया है। वीडियो में चैंपियन दोनों हाथों में हथियार लेकर साथियों के साथ नाचते, अश्लील शब्दों का प्रयोग करते और उत्तराखंड को लेकर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं।
भाजपा के निलंबित विधायक चैंपियन की प्रदेश के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा के साथ ही सभी दलों ने चैंपियन के वक्तव्य की कड़ी निंदा करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वैसे चैंपियन की भाजपा से विदाई तय मानी जा रही है। राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी से जुड़े विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि चैंपियन की करतूतों को भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने बेहद गंभीरता से लिया है। बताया जा रहा है कि चैंपियन को पार्टी से निष्कासित करने के साथ ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी भी शुरू हो गई है। इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अजय भट्ट ने फेसबुक में अपनी पोस्ट में चैंपियन के वीडियो वक्तव्यों की कड़ी निंदा की है।
अभी से निष्कासित माने जाएं चैंपियन: जाजू
शराब के नशे में उत्तराखंड को गाली देना खानपुर के भाजपा विधायक चैंपियन को भारी पड़ गया है। केंद्रीय नेतृत्व उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने जा रहा है। अमित शाह ने भी इस मामले में निर्देश दे दिए हैं।
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने भी केंद्रीय नेतृत्व को चैंपियन के निष्कासन की सिफारिश कर दी है। चैंपियन पर तयशुदा कार्रवाई को लेकर जाजू इतने आश्वस्त दिखे कि बुधवार को उन्होंने कहा कि चैंपियन अभी से पार्टी से निष्कासित माने जाएं।
अनुशासन तोड़ने के मामले में चैंपियन पहले से ही तीन माह के लिए पार्टी से निलंबित हैं। पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में उनके भाग लेने पर प्रतिबंध है। बुधवार को सोशल मीडिया में वायरल हुए एक वीडियो को लेकर चैंपियन फिर विवादों में आ गए हैं।