उत्तराखंड चुनाव 2022: जेपी नड्डा ने दिया चुनावी मंत्री, कहा- हर बूथ मजबूत करने के लिए प्रवास करें कार्यकर्ता
हरिद्वार-देहरादून जिले की सीमा पर स्थित होटल गॉडविन में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का जेपी नड्डा ने प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के साथ मिलकर शुभारंभ किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में फतह की तैयारी के लिए भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय कार्यक्रम का शुक्रवार को हरिद्वार में आगाज हो गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पहले दिन संगठन के पदाधिकारियों और सरकार के मंत्रियों को चुनावी मूल मंत्र बताए। उन्होंने कहा कि हर बूथ मजबूत करना जरूरी है। इसके लिए संगठन के पदाधिकारी और मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास कर जनता की समस्याएं सुनकर उनका निदान कराएं। साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और भाजपा की नीतियों से अवगत कराएं।
हरिद्वार: सीएम धामी बोले- 45 दिन में जनहित में लिए गए 70 महत्वपूर्ण निर्णय, लक्ष्य आधारित कार्य चार महीने में पूरे होंगे
हरिद्वार-देहरादून जिले की सीमा पर स्थित होटल गॉडविन में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का जेपी नड्डा ने प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के साथ मिलकर शुभारंभ किया। उन्होंने अलग-अलग सत्रों में संगठन से लेकर सरकार के मंत्रियों तक का मन टटोला। उनके कार्यों की समीक्षा की और जनता का फीडबैक लिया।
उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी और प्रदेश में धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिली है। विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए संगठन के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से लेकर सरकार के मंत्रियों, सांसद और विधायकों को जनता तक पहुंचना होगा। इसके लिए प्रवास ही कारगर फार्मूला है। नड्डा ने उद्घाटन सत्र में प्रदेश के सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, प्रदेेश पदाधिकारी, मोर्चों के अध्यक्ष और महामंत्रियों की बैठक ली। चुनाव की दृष्टि से क्या-क्या महत्वपूर्ण कार्य करने हैं, इस दिशा में मूलमंत्र बताए।
दूसरे सत्र में उन्होंने सांसदों और विधायकों की बैठक ली। जेपी नड्डा ने जनप्रतिनिधि के तौर पर सांसद एवं विधायक के क्या-क्या कर्तव्य होने चाहिए, इसकी जानकारी दी। चुनाव की दृष्टि से क्या-क्या महत्वपूर्ण है और जनता के बीच कैसे समन्वय बनाएं, इसके टिप्स भी दिए।
सभी मंत्रियों के प्रवास पर जोर दिया
कार्यकर्ताओं के साथ कैसा व्यवहार करें, इस पर भी मार्गदर्शन दिया। तीसरे सत्र में कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक हुई। पांच समितियों के प्रभारियों और आखिर में टोली बैठक के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सरकार के सभी मंत्रियों के प्रवास पर जोर दिया। कहा कि प्रदेश पदाधिकारी जिलों में प्रवास करेंगे। जिलों के पदाधिकारी मंडल और शक्ति केंद्रों पर प्रवास करेंगे।
शक्ति केंद्रों के प्रभारी अपने क्षेत्र के बूथों पर प्रवास करेंगे। इससे जनता से सीधे जुड़ाव होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट, राष्ट्रीय महामंत्री बीएली संतोष, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, कुलदीप कुमार, सुरेश भट्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी समेत कई नेता मौजूद रहे।
शनिवार को करेंगे पूर्व सैनिकों से संवाद
शनिवार को नड्डा पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे और संतों का आशीर्वाद भी लेंगे। इसके बाद त्रिस्तरीय पंचायत, नगर पंचायत, नगरपालिका, नगर निगमों के मेयर और अध्यक्षों की बैठक लेंगे। इसके बाद कोर कमेटी पदाधिकारियों की बैठक होगी। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद नड्डा किसी बूथ पर पहुंचकर बूथ अध्यक्ष के निवास पर जलपान करेंगे।