बदरीनाथ हाईवेः फिर टूटी चट्टान, बिना दर्शन लौटे यात्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विष्णु प्रयाग में बदरीनाथ हाईवे अभी भी सुचारु नहीं हुआ है। खबर है कि बुधवार देर रात्रि चट्टान का 400 मीटर हिस्सा टूटकर फिर हाईवे पर आ गया, जिससे मलबे में मशीनें दब गई।
अलकनंदा नदी के तट तक यह मलबा फैला है। फिलहाल, हाईवे पूरी तरह बंद है और तीर्थयात्रियों के बिना दर्शन लौटने का सिलसिला जारी है। इधर, तीर्थयात्रियों को पैदल मार्ग की जानकारी देने तक के लिए प्रशासन की कोई तैयारी नहीं है।
बदरीनाथ हाईवे पर बुधवार को पीपलकोटी से लेकर बदरीनाथ धाम तक के विभिन्न पड़ावों पर करीब 2000 तीर्थयात्री फंसे हुए थे। स्थानीय प्रशासन का दावा है कि पड़ावों पर खाने-पीने के और अन्य सहूलियतों का इंतजाम है।
पर कई यात्रियों ने खाने-पीने के अभाव, मोबाइल कनेक्टिविटी न होने, बिजली के अभाव में बैटरी चार्ज न होने जैसी दुश्वारियों की शिकायत की है। सैकड़ों यात्री मायूस होकर बदरीनाथ के बिना दर्शन किए लौटे। उधर, हाईवे बाधित होने से धाम में जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति भी ठप हो गई है।
जोशीमठ और पीपलकोटी से बदरीनाथ तक दूध और सब्जी की सप्लाई भी नहीं हो पा रही है। धाम में होटल और ढाबा व्यवसायियों के रसद के ट्रक भी यात्रा पड़ावों पर फंसे हुए हैं।
पैदल धाम पहुंचे 750 यात्री, 400 वापस
मंगलवार को विभिन्न पड़ावों पर फंसे 600 साहसी यात्रियों ने बुधवार को पैदल जाकर बदरीनाथ धाम के दर्शन किए। ये सभी स्थानीय वाहनों से आए थे। जबकि 400 लोग मायूस लौटे। बुधवार सुबह भी 150 तीर्थयात्री हाईवे बंद होने के बाद भी पैदल ही बदरीनाथ धाम पहुंचे।
17 सदस्यीय दल के साथ आए लखनऊ के बैजंती सुभाष मंगलवार को पीपलकोटी पहुंचे थे। हाईवे बाधित होने से वे बिना बदरीनाथ दर्शनों के लौट गए। मुंबई के रामकृष्ण धाम के दर्शन कर लौट रहे थे कि विष्णुप्रयाग पहुंचने पर हाईवे बाधित मिला। उन्हें वाहन छोड़कर 50 लोगों के साथ घर वापसी की राह पकड़नी पड़ी।
नोएडा के अरुण कुमार और गाजियाबाद के गिरीश शर्मा ने बताया कि हाईवे बंद होने से यात्रा शेड्यूल बिगड़ गया है। यदि बृहस्पतिवार को भी हाईवे नहीं खुलता है तो दर्शन किए बिना ही लौटना होगा।
बुधवार को रास्ता खोलते वक्त फिर गिरी चट्टान
बुधवार को बीआरओ ने बदरीनाथ हाईवे खुलवाने का काम शुरू किया तो ड्रिल करते हुए फिर से एक चट्टान हाईवे पर आ गिरी और हाईवे नहीं खुल पाया।
हालांकि बीआरओ के अधिकारी बृहस्पतिवार तक हाईवे खोल देने का दावा कर रहे हैं लेकिन मौके पर देखकर नहीं लगता कि मार्ग बृहस्पतिवार को खुल पाएगा। विष्णुप्रयाग में चट्टान के करीब सौ मीटर दायरे पर दरारें आ गई हैं, जिससे आने वाले समय में बदरीनाथ हाईवे लंबे समय तक बाधित हो सकता है।
हाईवे खोलने के दौरान दो घायल
विष्णुप्रयाग में बंद पड़े बदरीनाथ हाईवे को खोलने के लिए मजदूर बोल्डर पर ड्रिल कर रहे थे कि अचानक पहाड़ी से आए पत्थर की चपेट में आने से बीआरओ के कमान अधिकारी रूप ज्योति दास और मजदूर सोहन लाल घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पांडुकेश्वर लाया गया। जहां उपचार के बाद दोनों के घर भेज दिया गया है।