रेप के प्रयास पर पंचायत ने दी कान पकड़ने की सजा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार के लक्सर में महिला के साथ बलात्कार के प्रयास का मामला अनोखी सजा देकर पंचायत में निपटा दिया गया।
पुलिस की मौजूदगी में हुई पंचायत में आरोपी ने कान पकड़कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसा नहीं करने की बात कही तो उसे क्लीन चिट दे दी गई।
पिछले दिनों एक महिला के साथ पड़ोस के युवक ने उस समय बलात्कार का प्रयास किया था जब महिला जंगल में गई थी। महिला के परिजनों ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी थी।
सोमवार शाम पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया था। तभी दोनों पक्षों के लोग कोतवाली में जमा हो गए थे। सिफारिश और दबाव के बीच पुलिस ने भी कार्रवाई करने के बजाय मामले को रफादफा करने की अनुमति दे दी।
भविष्य में ऐसी हरकत न करने की हिदायत
देखते ही देखते थाने में पंचायत जुट गई। लोगों ने आरोपी को खरी खोटी सुनाई और बाद में कान पकड़कर माफी मांगने की सजा दे दी गई। भविष्य में ऐसी हरकत न करने की हिदायत भी दी गई।
आरोपी ने कान पकड़कर माफी मांग ली तथा भविष्य में ऐसी हरकत न करने का वादा करने पर मामले को निपटा दिया गया।
कोतवाल बीके शर्मा का कहना है कि पंचायत जैसी कोई बात नहीं थी। आरोप लगाने वाले और आरोपी पक्ष ने खुद ही आपस में बैठकर मामला निपटा लिया। उन्होंने कार्रवाई के लिए तहरीर ही नहीं दी। दूसरी ओर एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि अगर पुलिस की मौजूदगी में ऐसा कराया गया है तो इस बारे में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी कानून पर भारी पड़ चुकीं हैं पंचायतें
लक्सर में अपराध करना और फिर कुछ लोगों की ओर से स्वयंभू पंचायत जुटाकर मामले को निपटा देना परंपरा सी बन बई है। इससे पहले भी कई बार ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।
कुछ दिन पूर्व दुकान पर सामान खरीदने आई एक किशोरी के साथ छेड़खानी करने वाले दुकानदार के परिवार को गांव में नहीं घुसने देने का मामला हो या फिर महिला के साथ दुराचार के प्रयास का मामला पंचायत में ही निपटाने जैसे करीब 14 मामले पिछले तीन महीनों में निपटा दिए गए।
दुष्कर्म के एक मामले में पांच जूतों की सजा का मामला हो या फिर घर में घुसकर छात्रा के साथ छेड़खानी करने के मामले को निपटाने का मामला भी ऐसे ही निपटा दिए गए।
एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि ऐसी पंचायतों के मामलों की जांच कराई जाएगी। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल में बच्ची से रेप, मुकदमा दर्ज
उत्तराखंड के रामनगर के एक सरकारी स्कूल में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। बालिका के पिता ने की तहरीर पर कोतवाली पुलिस को आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित बच्ची के पिता ने बताया कि सोमवार रात महफूज अली नाम के व्यक्ति ने उनकी 14 वर्षीय पुत्री के साथ गांव के एक सरकारी स्कूल में बलात्कार किया। विरोध करने पर उसने उसे जान से मारने की धमकी दी।
एसएसआई मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376, 342, 506 के साथ ही पोस्को में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।