अंकित के हत्यारे फरार, घेरे में पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी देहरादून में लूट के दौरान हत्या (अंकित थपलियाल हत्याकांड) मामले में दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर परिजन और ग्रामीण शुक्रवार को पुलिस पर बरसे।
जनसंघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीण परेड ग्राउंड में जुटे, लेकिन पुलिस ने डीजीपी कार्यालय तक जुलूस की अनुमति नहीं दी। बाद में कुछ देर तक जुलूस निकला, लेकिन पुलिस ने फिर रोक लिया। इस पर प्रदर्शनकारियों की पुलिस से तीखी झड़पें हुईं।
बाद में एडीजी राम सिंह मीणा ने उनसे ज्ञापन लिया। बताया कि एक आरोपी पकड़ा जा चुका है, जबकि दूसरा अभी फरार है।
नकरौंदा के विवेक विहार में सहायक कृषि अधिकारी सुरेंद्र थपलियाल के आवास पर डकैती के दौरान बेटे अंकित थपलियाल की हत्या की वारदात को शुक्रवार को 52 दिन पूरे हो गए।
छह आरोपियों में से चार धरे जा चुके हैं, जबकि साजिद पहलवान और अकरम फरार हैं। शुक्रवार को संघर्ष समिति के अध्यक्ष डा. एमएस नेगी की अगुवाई में परिजन और ग्रामीण परेड ग्राउंड में जुटे।
यहां से जुलूस डीजीपी कार्यालय की ओर बढ़ा, लेकिन एसपी सिटी अजय सिंह, सीओ डालनवाला प्रमोद कुमार ने कई थानों की पुलिस के साथ उन्हें रोक लिया। कहा गया कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं ली गई है। यहां प्रदर्शनकारियों और सीओ प्रमोद कुमार में गरमागरमी हो गई।
तीखी नोकझोंक हो गई
खफा प्रदर्शनकारी परेड ग्राउंड में ही धरने पर बैठ गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। एसपी सिटी ने उनसे बातचीत करते हुए बताया कि पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है, लेकिन कार्रवाई को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।
इसके बाद ग्रामीणों को जुलूस निकालने की अनुमति दी गई, लेकिन पुलिस ने सुभाष रोड पर अभिषेक टावर तिराहे के पास उन्हें फिर रोक लिया। प्रदर्शनकारी यहां भी धरने पर बैठ गए। अंकित के चाचा दिनेश थपलियाल की सीओ प्रमोद कुमार से तीखी नोकझोंक हो गई।
बाद में संघर्ष समिति के डा. एमएस नेगी, भाजपा नेता रविंद्र जुगरान, प्रधान शबनम थापा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एडीजी कानून व्यवस्था राम सिंह मीणा से मुलाकात की। एडीजी ने उन्हें बताया कि साजिद पहलवान को पुलिस ने पंजाब के रोपड़ जिले से पकड़ लिया है, जबकि अक रम की तलाश चल रही है। उसे भी जल्द पकड़ने का भरोसा दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी लौट गए।
थपलियाल संतुष्ट, दूसरे रहे खफा
प्रदर्शन के दौरान अंकित के पिता सुरेंद्र थपलियाल यही कहते रहे कि पुलिस से उन्हें पूरा सहयोग मिल रहा है। वह अब तक की कार्रवाई से संतुष्ट हैं और यही चाहते हैं कि फरार आरोपी भी पकड़े जाएं। लेकिन दूसरे लोग पुलिस के खिलाफ आग उगलते रहे। कई बार प्रदर्शन में भी ग्रामीण दोफाड़ दिखे। नरम और गरम दल के लोग उलझते रहे। कुछ लोग जबरन डीजीपी कार्यालय तक जाने पर अड़े थे, जबकि कुछ इसका विरोध करते रहे।
होटल में कर रहा था नौकरी
पुलिस से बचने के लिए मूलत: मानकमऊ, कुतुबशेर, सहारनपुर निवासी शातिर साजिद पहलवान पंजाब के रोपड़ जिले के कुराली कस्बे में छिपा था। वारदात से पहले ढाई माह तक वहां के एक होटल में उसने काम किया था। अंकित की हत्या के बाद वह दोबारा उसी होटल में चला गया था। एक नंबर के आधार पर पुलिस उस तक पहुंची।
रिमांड पर लिया जाएगा
शुक्रवार देर शाम पुलिस साजिद को लेकर दून पहुंच गई। शनिवार सुबह उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि साजिद को पुलिस रिमांड में लेकर डकैती का माल बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।