फ्लोर टेस्ट के बाद भाजपा को लगा बड़ा झटका, कांग्रेस की एक और 'जीत'
उत्तराखंड विधानसभा में फ्लोर टेस्ट में मुंह की खाने के बाद भाजपा को एक बार फिर मुंह की खानी पड़ी है। हरिद्वार जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में बसपा के प्रत्याशी ने अपना पर्चा वापस लेकर कांग्रेस प्रत्याशी को वाक ओवर दे दिया। इसी के साथ कांग्रेस ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया।
हरिद्वार में हो रहे जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में सविता चौधरी के निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई हैं। गौरतलब है कि फ्लोर टेस्ट से एक दिन पहले उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने भाजपा द्वारा बसपा प्रत्याशी को समर्थन देने का एलान किया था।
इस बहाने भाजपा भाजपा की कोशिश फ्लोर टेस्ट में बसपा को अपने साथ लाने की थी लेकिन वहां भाजपा की दाल नहीं गली। फ्लोर टेस्ट के थोड़ी देर बाद ही बसपा प्रत्याशी ने अपना नामांकन वापस लेकर भाजपा को बड़ा झटका दे दिया।
बसपा हाईकमान के आदेश पर लिया नामांकन वापसी का फैसला
जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर बसपा के प्रत्याशी सत्तार ने हाईकमान के आदेश पर अपना नामांकन वापस कर दिया। सत्तार के साथ पहुंचे प्रदेश प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया पार्टी हाईकमान ने फैसला किया है कि बसपा जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर अपना प्रत्याशी नहीं खड़ा करेगी।
बसपा के इस कदम ने प्रदेश में कांग्रेस की रणनीति को झटका दिया है। वहीं विधानसभा के सूत्रों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक फ्लोर टेस्ट में भी बसपा ने हरीश रावत के पक्ष में मतदान किया। भाजपा को उम्मीद थी जिला पंचायत अध्यक्ष में समर्थन के बहाने वह कांग्रेस का खेल बिगाड़ सकती है। लेकिन फ्लोर टेस्ट बीतने के तुरंत बाद बसपा के इस कदम ने प्रदेश की राजनीति में भाजपा की किरकिरी करा दी है।