लोग आते-जाते रहते हैं: कोठियाल के भाजपा में जाने से बेपरवाह नजर आए केजरीवाल, बोले- अजय का जाना कोई बड़ी घटना नहीं
विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में आप के नए संगठन का गठन और इसके बाद मची उथल-पुथल के बीच गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड के पदाधिकारियों को दिल्ली तलब किया। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि अजय कोठियाल का जाना कोई बड़ी घटना नहीं है। राजनीति दलों में लोग आते-जाते रहते हैं।
विस्तार
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कर्नल (रिटायर्ड) अजय कोठियाल के पार्टी छोड़कर जाने को साधारण घटना बताया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों में लोग आते-जाते रहते हैं। केजरीवाल ने सभी पदाधिकारियों से कहा कि उत्तराखंड में पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने में जुट जाएं। प्रदेश में आने वाले निकाय और अन्य चुनाव पार्टी मजबूती से लड़ेगी।
विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में आप के नए संगठन का गठन और इसके बाद मची उथल-पुथल के बीच गुरुवार को केजरीवाल ने प्रदेश पदाधिकारियों को दिल्ली तलब किया था। मुख्यमंत्री आवास में सीएम केजरीवाल ने संगठन के नए पदाधिकारियों का परिचय लिया और उन्हें बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का मंत्र दिया।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में आप की सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे बड़ा कदम उठाया है। उत्तराखंड में पार्टी की ओर से भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार आवाज उठाई जानी चाहिए। साथ ही जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी पहले से संघर्ष करती आई है, आगे भी संघर्ष जारी रखें। विधानसभा चुनाव नतीजों से हताश और निराश नहीं होना है। प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूत करने पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है, जब बूथ स्तर पर संगठन मजबूत होगा तो पार्टी आने वाले निकाय व अन्य चुनाव को मजबूती से लड़ेगी।
करीब एक घंटे चली बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों ने केजरीवाल को चारधाम यात्रा पर आने का न्योता दिया। बैठक में उत्तराखंड प्रभारी दिनेश मोहनिया, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली, प्रदेश संगठन समन्वय जोत सिंह बिष्ट, बसंत कुमार, धर्मेंद्र, अमित जोशी आदि मौजूद थे।