Ashes: 'दोहरे मापदंडों से बचना जरूरी'; अश्विन का आईसीसी और इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट पंडितों पर निशाना?
एमसीजी में दो दिन में खत्म हुए चौथे एशेज टेस्ट के बाद पिच पर विवाद गहरा गया, लेकिन रविचंद्रन अश्विन ने आलोचना से इनकार किया। उनका मानना है कि दोनों टीमों को समान परिस्थितियां मिलीं और टेस्ट क्रिकेट में अनुकूलन सबसे अहम है। साथ ही उन्होंने पिचों को लेकर अपनाए जाने वाले दोहरे मापदंडों पर भी सवाल उठाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर खेला गया एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट सिर्फ दो दिनों में खत्म हो गया, जिसके बाद पिच की प्रकृति को लेकर जबरदस्त बहस छिड़ गई। 10 मिमी घास वाली इस पिच पर तेज गेंदबाजों का दबदबा साफ दिखा और कुल छह सत्रों में 36 विकेट गिर गए। इंग्लैंड ने 14 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट जीत दर्ज की और चार विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। मौजूदा एशेज में अब तक चार में से दो टेस्ट दो दिन में खत्म हुए, जबकि एक टेस्ट चार दिन और एक टेस्ट पांच दिन में खत्म हुआ है। इसके बावजूद ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के क्रिकेट पंडित उस तरह से पिच को लेकर हमलावर नहीं हुए हैं, जैसा वे भारत आने पर स्पिन पिचों पर मैच दो दिन में खत्म होने पर करते हैं। अश्विन ने इसी को लेकर सवाल उठाए हैं और कहा है कि दोहरा रवैया नहीं होना चाहिए।
मैच में कुल 142 ओवर फेंके गए और हैरानी की बात यह रही कि कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच सका। सीमर्स ने पूरे मैच में गेंदबाजी की, जिससे यह पिच पूरी तरह से गेंदबाजों के लिए स्वर्ग साबित हुई। इतनी जल्दी टेस्ट खत्म होने के कारण क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) को टिकट रिफंड, मर्चेंडाइज और फूड-बेवरिज बिक्री में करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जहां कई पूर्व खिलाड़ी और विशेषज्ञ एमसीजी पिच की आलोचना कर रहे हैं, वहीं भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इस पर संतुलित और अलग राय रखी। अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अश्विन ने कहा कि वह एमसीजी पिच की आलोचना नहीं करेंगे, क्योंकि दोनों टीमों को एक जैसी परिस्थितियों में खेलना पड़ा।
अश्विन ने हाल ही में ईडन गार्डन्स टेस्ट का उदाहरण देते हुए कहा, 'भारत में जब पिचों पर सवाल उठते हैं, तो हम खुद अपनी आलोचना करते हैं। लेकिन अन्य देशों के मामले में ऐसा नहीं होता। हाल ही में ईडन गार्डन्स में जो टेस्ट खत्म हुआ, उसे उदाहरण के तौर पर ले लीजिए। हमने खुद यह बात कही थी। इतने साल क्रिकेट खेलने के बाद हम अपनी पिचों की सही तरीके से आलोचना करते हैं, लेकिन दूसरे देश ऐसा नहीं करते। वे अपने बारे में ऊंची-ऊंची बातें करते हैं और हमारे बारे में कमतर बोलते हैं।'
ऑस्ट्रेलिया पहले ही शुरुआती तीन टेस्ट जीतकर सीरीज अपने नाम कर चुका है। कंगारू सीरीज में 3-1 से आगे हैं। अब पांचवां और अंतिम टेस्ट चार जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) में खेला जाएगा।