विजय हजारे ट्रॉफी: गोवा के आदित्य ने ठोका शतक, ये रहा छठे दिन के सभी मैचों का राउंड अप
विजय हजारे ट्रॉफी में छठे दिन रविवार को होने वाले कई मुकाबलों को बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया। आइए जानते हैं छठे दिन हुए मैचों के नतीजेः
छत्तीसगढ़ ने आंध्र को 56 रन से दी मात
छत्तीसगढ़ ने विजय हजारे एकदिवसीय ट्रॉफी के एलीट ग्रुप ए में रविवार को आंध्र को 56 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। पिछले मैच में गत चैंपियन मुंबई को हराने वाली छत्तीसगढ़ की टीम ने शशांक चंद्राकर (54) और आशुतोष सिंह (75) की पारियों के दम पर निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 268 रन बनाने के बाद आंध्र की पारी को 46.5 ओवर में 212 रन पर समेट दिया।
छत्तीसगढ़ की जीत के नायक शशांक सिंह रहे जिन्होंने 25 गेंद में 44 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलने के बाद गेंद से कमाल करते हुए तीन विकेट चटकाए। आंध्र के लिए डीबी प्रशांत कुमार ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए।
केरल की हैदराबाद पर जीत
अलूर में ही खेले गए ग्रुप के दूसरे मुकाबले में केरल ने हैदराबाद को 62 रन से हराया। केरल की टीम 50 ओवर में नौ विकेट 227 रन ही बना पाई लेकिन हैदराबाद के लिए यह स्कोर भी काफी साबित हुआ। केएम आसिफ (4/34)ने हैदराबाद के बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया।
गोवा के आदित्य का शतक
आदित्य कौशिक (117) की शतकीय पारी के दम पर गोवा ने झारखंड को 42 रन से हराया। गोवा ने आठ विकेट पर 266 रन बनाने के बाद झारखंड की पारी को 224 रन पर समेट दिया। झारखंड के लिए राहुल शुक्ला ने 33 रन देकर छह विकेट लिए जबकि इशान किशन (43) और अनुकूल राय (40) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। गोवा के दर्शन मिसल ने 35 रन देकर चार विकेट लिए।
हरियाणा और उत्तर प्रदेश का मैच रद्द
वडोदरा। उत्तर प्रदेश और हरियाणा के अलावा विजय हजारे ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी के सभी मैच लगातार दूसरे दिन मैदान गीला होने के कारण एक भी गेंद फेंके बिना रद्द हो गए। रात भर हुई बारिश के चलते बड़ौदा व पंजाब और हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र को भी दो-दो अंक मिले।