फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   t20 match afghanistan cricket team very much happy dehradun news

जानिए ऐसा क्या हुआ कि T20 मैच खेलने भारत आई अफगान टीम ने जमकर की तारीफ

Mon, 21 May 2018 09:52 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून Updated Mon, 21 May 2018 09:52 AM IST
विज्ञापन
t20 match afghanistan cricket team very much happy dehradun news
afghanistan cricket team in dehradun - फोटो : amar ujala

देहरादून के रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और वहां की सुविधाओं को देखकर अफगानिस्तान की टीम गदगद है। शनिवार को टीम मैनेजर, बल्लेबाजी कोच और कप्तान ने मैदान और स्टेडियम की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेडियम और मैदान की सुविधाओं को बेहतरीन बताते हुए जमकर तारीफ की। 

विज्ञापन


शनिवार को अफगानिस्तान टीम के मैनेजर निसार, बशीर, बल्लेबाजी कोच उमेश पटवाल और कप्तान मोहम्मद असगर स्टैनिकजई ने रायपुर पहुंचकर अपने सेकेंड होम ग्राउंड की व्यवस्थाएं परखीं। मैदान के मुख्य संचालन अधिकारी नीरज गुप्ता और संचालन कर रही कंपनी आईएल एंड एफएस के उपाध्यक्ष शशिधर ने उन्हें स्टेडियम का भ्रमण कराया। उन्होंने पिच और मैदान देखने के बाद आपस में समीक्षा की। साथ ही पवेलियन, प्लेयर्स एरिया, प्लेयर्स लाउंज, जिम, किट रूम, डायनिंग एरिया, ड्रेसिंग रूम और लॉकर रूम भी देखा। टीम के मैनेजर और कप्तान व्यवस्थाओं से खासे खुश दिखे।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि आयरलैंड समेत कई अन्य देशों में जहां उन्होंने क्रिकेट खेला, वहां इस तरह की व्यवस्थाएं और सुविधाएं नहीं हैं। वहीं, टीम के अन्य सदस्यों ने पूरा दिन होटल रिजेंटा में आराम किया। होटल के सेल्स मैनेजर यासिर अराफात ने बताया कि सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने पूरा दिन होटल में ही बिताया। शाम को कुछ खिलाड़ियों ने होटल परिसर में ही भ्रमण किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


पौड़ी के उमेश संवार रहे बल्लेबाजी
अफगानिस्तान टीम के मुख्य बल्लेबाजी कोच उमेश पटवाल मूलत: पौड़ी गढ़वाल निवासी हैं। उनका परिवार काफी समय पहले मुंबई चला गया था। उन्होंने वहीं से क्रिकेट करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह अफगानिस्तान चले गए। वहां उन्होंने कोचिंग शुरू की। पिछले काफी समय से वह अफगान टीम के मुख्य बल्लेबाजी कोच हैं।

टीम चयन के लिए हुए ट्रायल
उत्तराखंड की टीम 22 और 24 मई को अफगानिस्तान की टीम के साथ अभ्यास मैच खेलेगी। वहीं, एक और दो जून को बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच खेलने का भी प्रस्ताव है। टीम चयन के लिए शनिवार को तनुष क्रिकेट एकेडमी में ट्रायल हुए। पूर्व क्रिकेटर अमित पांडे ने बताया कि गोल्ड कप के लिए उत्तराखंड की जो टीम चुनी जा रही है, उसमें से ही अभ्यास मैच की टीम चुनी जाएगी। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) अभ्यास मैच के लिए उत्तराखंड की टीम का चयन करेगी।

बल्लेबाजों का कड़ा इम्तिहान लेगी दून की पिच

t20 match afghanistan cricket team very much happy dehradun news
Rajiv gandhi international stadium
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा लेगी। शुरुआती तौर पर इसके धर्मशाला स्टेडियम की तरह तेज और उछाल भरी होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, पिच का मिजाज आगामी कुछ दिनों में पचा चलेगा। स्टेडियम में तीन मैच और दो प्रैक्टिस पिच तैयार की गई हैं। पांचों पिचों को तैयार करने के लिए हरियाणा से मिट्टी मंगाई गई थी।

यह मिट्टी ज्यादा पानी सोखने और ठोस स्वभाव के लिए जानी जाती है। अभी तक पिच पर काफी घास दिख रही है। हालांकि, इसकी रोज रोलिंग हो रही है, इसके बाद भी पिच पर काफी घास बची है। धर्मशाला स्टेडियम के चीफ क्यूरेटर सुनील चौहान पिच तैयार कर रहे हैं। धर्मशाला की पिच की गिनती देश की चुनिंदा सबसे तेज और उछाल भरी पिचों में की जाती है। हालांकि, रविवार से होने वाले प्रैक्टिस सेशन के बाद पिच के मिजाज को लेकर काफी कुछ स्पष्ट हो जाएगा। वहीं, आईसीसी प्रतियोगिता शुरू होने से चार दिन पहले स्टेडियम समेत अन्य व्यवस्थाओं को अपने नियंत्रण में ले लेगी। इसके बाद पिच में आईसीसी अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुताबिक बदलाव करवा सकती है। इसके बाद ही पिच का असली स्वभाव तय हो पाएगा।

आज होगा टिकट पर फैसला
टी-20 क्रिकेट सीरीज में दर्शकों के लिए टिकट की कीमत कितनी होगी, कब से मिलेगा, इस पर रविवार को फैसला होने की उम्मीद है। स्टेडियम का संचालन कर रही कंपनी आईएल एंड एफएस के उपाध्यक्ष शशिधर ने बताया कि उन्होंने अफगान क्रिकेट बोर्ड को इस संबंध में लिखा है। अफगान बोर्ड का सेकेंड होम ग्राउंड होने के नाते टिकट की कीमत वही तय करेंगे। टिकट आईसीसी, अफगान बोर्ड की वेबसाइट समेत बुक माई शो, पेटीएम और अन्य एप से भी बुक कराए जा सकेंगे।

बिजली आने-जाने से नहीं पड़ेगा मैच पर असर
बिजली आने या जाने का रायपुर स्थित इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। मैदान में फ्लड लाइट समेत अन्य सभी जरूरी लाइटें और स्क्रीन जनरेटर सेट की बिजली से चलती है। वैसे भी आईसीसी के नियमानुसार फ्लड लाइट में होने वाले मुकाबलों में जनरेटर सेट से पावर सप्लाई अनिवार्य है। मैच शुरू होने से कम से कम छह घंटे पहले से जनरटेर सेट से विद्युत आपूर्ति की जानी आवश्यक है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में विद्युत आपूर्ति बहाल हो गई है। हालांकि, इस लाइट के होने या न होने से मैदान की व्यवस्थाओं पर कोई खास असर नहीं पड़ता है। यह लाइट ज्यादातर कमरों में ही इस्तेमाल की जाती है। मैदान में फ्लड लाइट, स्कोर शीट, स्क्रीन, पवेलियन और प्लेयर्स एरिया समेत अन्य स्थानों पर जनरेटर सेट से ही विद्युत आपूर्ति की गई है। इसके लिए स्टेडियम में एक-एक हजार किलोवाट के चार जनरेटर सेट लगाए गए हैं। स्टेडियम के मुख्य संचालन अधिकारी नीरज गुप्ता के अनुसार, जनरेटर सेट से जो बिजली मिलती है, उससे ही सभी कनेक्शन जुड़े हैं। इसको चलाने के लिए प्रतिघंटे दो सौ लीटर डीजल की जरूरत पड़ती है। ऐसे में मैच के दौरान लाइट भले ही आए-जाए, लेकिन आयोजन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

393 लाइट पैनल बिखेरेंगे चमक
मैदान में रोशन के लिए चार फ्लड लाइट लगाई गई हैं। इनमें से प्रत्येक में 98-98 पैनल या स्लाइड्स हैं। इसके अलावा दो स्कोर बोर्ड कम स्क्रीन भी लगाई गई है। साथ ही आयोजन के दौरान बाउंड्री पर भी स्क्रीन लगाई जा सकती है।
 

देहरादून में होने वाली टी-20 सीरीज के बाद प्रदेश में बनेगा क्रिकेट का माहौल

t20 match afghanistan cricket team very much happy dehradun news
rajiv gandhi international cricket stadium - फोटो : amar ujala
राजधानी में होने वाली पहली टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज राज्य में सुनहरे कल की राह को आसान करेगी। अफगानिस्तान-बांग्लादेश के बीच होने वाली सीरीज के बाद राज्य में क्रिकेट का माहौल बनेगा। साथ ही राज्य को बीसीसीआई की मान्यता, पर्यटन, खेल और अन्य व्यवसायिक गतिविधियों को भी फायदा मिलेगा। विशेषकर राज्य में खेल आयोजन को लेकर बदलाव देखने को मिलेंगे। अभी तक प्रदेश में गोल्ड कप समेत गिनती के ही आयोजन होते हैं। इनमें देश के कई बड़े खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, लेकिन एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम की खमी हमेशा खलती रही है। अब रायपुर स्टेडियम की उपलब्धता के बाद यह दिक्कत भी खत्म हो गई है। वहीं, भविष्य में यहां आईपीएल समेत अन्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजन भी हो सकते हैं। 

आसान होगी मान्यता की राह
पहले अंतरराष्ट्रीय आयोजन के बाद राज्य में क्रिकेट मान्यता का इंतजार खत्म होने की भी संभावना जताई जाने लगी है। नियमानुसार अफगानिस्तान की टीम मान्यता प्राप्त टीम के साथ ही अभ्यास मैच खेल सकती है। ऐसे में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) और उससे संबद्ध संघ की लॉटरी लग सकती है। क्योंकि, यूपीसीए ने उत्तराखंड में सीएयू को 12वें जोन के रूप में मान्यता दी है।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
प्रदेश में आयोजित हो रही पहली टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज पर देशभर के क्रिकेट प्रेमियों की नजर है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों के लोग भी इस आयोजन को लेकर खासे उत्साहित हैं। दोनों टीमों के ठहरने की व्यवस्था नंदा की चौकी स्थित होटल रिजेंटा में की गई है। खिलाड़ी और दर्शक आसपास के पर्यटन स्थलों पर घूमेंगे तो उनका प्रचार-प्रसार भी होगा। भविष्य में इस तरह के आयोजन होते रहे तो उसका फायदा उत्तराखंड के पर्यटन उद्योग को जरूर मिलेगा। एक राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय आयोजन करवाने के लिए सैकड़ों लोगों की जरूरत पड़ती है। ऐसे में नियमित रूप से होने वाले आयोजनों के लिए बड़ी संख्या में मानव संसाधन की जरूरत पड़ेगी। आयोजन के जरिये सैकड़ों स्थानीय लोगों को सीधे रोजगार भी मिलेगा। 

उभरते खिलाड़ियों को अभ्यास के बहाने ही सही, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने और वक्त गुजारने का मौका मिलेेगा। अफगानिस्तान की टीम उत्तराखंड की टीम के साथ अभ्यास मैच खेलेगी। इसके अलावा महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के छात्र उनको प्रैक्टिस भी कराएंगे। यह नए खिलाड़ियों के लिए खासा फायदेमंद साबित होगा। आयोजनों के लिए पहुंचने वाले खिलाड़ी और दर्शक यहां अपना पैसा खर्च करेंगे। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा। राज्य के अलग-अलग हिस्सों और आस-पड़ोस के राज्यों से भी दर्शकों के पहुंचने की संभावना है, जो यहां विभिन्न सुविधाओं पर पैसा खर्च करेंगे। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed