रणजी ट्रॉफी राउंड-अपः शोरे शतक से चूके, तमिलनाडु का संघर्ष जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के सौरभ-अंकित ने रखा तमिलनाडु पर अंकुश
तमिलनाडु की टीम ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले के दूसरे दिन छह विकेट खोकर 165 रन बनाए हैं। पहले दिन बारिश से ग्रीनपार्क मैदान के गीले होने के कारण खेल नहीं हो सका था। मेजबान यूपी टीम ने टॉस जीतकर तमिलनाडु को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया। सौरभ कुमार अब तक 39 रन देकर तीन विकेट ले चुके हैं।
तमिलनाडु की शुरुआत अच्छी हुई थी जब 26 ओवर तक विकेट नहीं गिरा था लेकिन अगले ओवर में सौरभ ने गंगा सिद्घार्थ (45 रन) को रिंकू सिंह के हाथों कैच करा दिया। इस समय टीम का स्कोर 79 रन था। उसके बाद अंकित राजपूत ने दो विकेट लिए। पहले कौशिक (7 रन) को कैच कराया और फिर बाबा अपराजित (0) को बोल्ड कर दिया। चौथा विकेट कप्तान विजय शंकर (24 रन) के रूप में गिरा जो जीशान अंसारी के खाते में गया। जगदीश (18 रन) और सूर्य प्रकाश (51) सौरभ का शिकार बने। खेल खत्म होने तक मुकुंथ (1) व साईं किशोर (0) पिच पर टिके थे। (ब्यूरो)
पंजाब के खिलाफ शतक से चूके ध्रुव
कप्तान ध्रुव शोरे केवल चार रन से शतक से चूक गए लेकिन उनकी पारी और नितीश राणा के साथ शतकीय साझेदारी से दिल्ली ने पंजाब के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए मैच में शनिवार को यहां अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 195 रन बनाए। शोरे ने 186 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से 96 रन की पारी खेली। उन्होंने राणा के साथ तीसरे विकेट के लिए 122 रन की साझेदारी की। राणा 64 रन बनाकर खेल रहे हैं।
पंजाब ने सुबह आठ विकेट पर 266 रन से आगे खेलना शुरू किया और अकुल पांडोव के नाबाद 44 रन की मदद से 313 रन बनाए। इस तरह से दिल्ली अभी पंजाब से 118 रन पीछे है और उसके छह विकेट बचे हुए हैं। दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरी गेंद पर ही ओपनर अनुज रावत (00) का विकेट गंवा दिया। शोरे ने ऐसे समय में क्रीज पर कदम रखा और धैर्यपूर्ण पारी खेली। उन्होंने कुणाल चंदेला (31) के साथ दूसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े।
जेएंके के आबिद ने लिए पांच विकेट
जम्मू कश्मीर ने झारखंड के 259 रन के जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट पर 135 रन बना लिए हैं। सूर्यांश राणा ने 76 रन की पारी खेली जबकि झारखंड की तरफ से आशीष कुमार ने 46 रन देकर तीन विकेट लिए। इससे पहले झारखंड की तरफ से सौरभ तिवारी ने 81 रन बनाए जबकि जम्मू कश्मीर के लिए आबिद मुश्ताक ने 56 रन देकर पांच विकेट लिए।
हरियाणा को पहली पारी में बढ़त
हरियाणा ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ पहली पारी में चार रन की बढ़त हासिल की। हरियाणा के 123 रन के जवाब में छत्तीसगढ़ की टीम 119 रन पर आउट हो गई। हरियाणा की तरफ से अजित चहल ने पांच और हर्षल पटेल ने चार विकेट लिए। इस बीच त्रिपुरा और ओडिशा के बीच अगरतला में लगातार दूसरे दिन खेल संभव नहीं हो पाया।