विश्व कप से पहले इंग्लैंड ने अपनी शानदार तैयारियों का संकेत देते हुए पाकिस्तान को पांचवें वनडे मुकाबले में 54 रन से हराकर सीरीज 4-0 से अपने नाम कर ली। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स (5/54) को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पाकिस्तान की वनडे में यह लगातार दसवीं हार है।
2 of 7
सरफराज अहमद
- फोटो : Reuters
मेजबान टीम ने जो रूट के 84 और कप्तान इयोन मॉर्गन के 76 रन से नौ विकेट पर 351 रन बनाए थे। पाक गेंदबाज शाहीन आफरीदी ने 82 रन देकर चार और स्पिनर इमाद वसीम ने 53 रन देकर तीन विकेट लिए थे लेकिन पाकिस्तान की टीम कप्तान सरफराज अहमद (97) और बाबर आजम (80) के प्रयासों के बावजूद 46.5 ओवरों में 297 पर ऑलआउट हो गई।
एक समय पाकिस्तान ने छह रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। यहां से कप्तान सरफराज अहमद और बाबर आजम ने संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 146 रन की साझेदारी की। लेकिन लगातार दूसरे शतक की ओर बढ़ रहे बाबर आजम 152 के स्कोर पर रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। बाबर 80 रन बना सके।
सरफराज का साथ देने आए शोएब मलिक भी 4 रन बनाकर चल दिए। इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे और 97 रन बनाकर सरफराज भी रन आउट हो गए। और अंत में शाहीन अफरीदी (19*) और मोहम्मद हसनैन (28) ने पाकिस्तान को 297 रन तक पहुंचाया, लेकिन ये दोनों जीत नहीं दिला सके।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने यूएई में पाकिस्तान को 5-0 से मात देकर सीरीज पर कब्जा किया था। इंग्लैंड पांच मैचों की श्रृंखला में पहले ही 3-0 से अजेय बढ़त ली थी। पहला मैच बारिश के कारण रद्द करना पड़ा था।