आईसीसी के चार दिवसीय टेस्ट मैचों के प्रस्ताव को ‘हास्यास्पद’ करार देते हुए ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष स्पिनर नाथन लियोन ने इसका कड़ा विरोध किया है। मुख्य कोच जस्टिन लैंगर भी पारंपरिक प्रारूप में बदलाव के पक्ष में नहीं हैं।
2 of 4
nathan lyon
- फोटो : File
लियोन का बयान ऐसे समय में आया है जबकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ केविन रॉबर्ट्स ने कहा कि उनका बोर्ड चार दिवसीय टेस्ट में दिलचस्पी रखता है। वे इस साल के आखिर में अफगानिस्तान के खिलाफ इस तरह का मैच खेल सकते हैं।
लियोन ने कहा,‘मैं पूरी तरह से इसके खिलाफ हूं। मुझे उम्मीद है कि आईसीसी इस पर विचार तक नहीं करेगी। आप दुनिया भर में खेले गए बड़े मैचों पर गौर करो और मैं जिन सर्वश्रेष्ठ टेस्ट मैच का हिस्सा रहा वे आखिरी तक रोमांचक बने रहे। आप ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच 2014 में एडिलेड में खेले गए मैच को याद करो जो पांचवें दिन आखिरी आधे घंटे तक खिंचा। इसके बाद आप 2014 में केपटाउन टेस्ट को देखो जिसमें रेयान हैरिस ने तब मोर्नी मोर्केल को बोल्ड किया जबकि दो ओवर बचे हुए थे। मैं चार दिवसीय टेस्ट मैच का पक्षधर नहीं हूं। कई मैच ड्रॉ होंगे। पांचवां दिन महत्वपूर्ण है।’
लैंगर ने कहा,‘मेरी प्राथमिकता, मैं पारंपरिक हूं और जो भी मुझे जानता है उसे पता है कि मैं बहुत अधिक बदलाव का पक्षधर नहीं हूं। इसलिए मैं पांच दिवसीय टेस्ट मैचों का पक्ष लूंगा। लेकिन अगर चार दिवसीय टेस्ट मैच टेस्ट क्रिकेट को जीवंत बनाए रखते हैं तो इस पर गौर किया जा सकता है। लेकिन मैं पांच दिवसीय मैच इसलिए पसंद करता हूं क्योंकि मैं नीरस हूं और मैं बहुत अधिक बदलाव पसंद नहीं करता।’