ENGvIND: तीसरे दिन का खेल खत्म, इंग्लैंड ने बनाई 250 रन की बढ़त, मुश्किल में टीम इंडिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म हो गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया अपनी पहली पारी में 35.2 ओवर में 107 रन पर सिमट गई थी। जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 357 रन बना लिए हैं। फिलहाल, क्रिस वोक्स 120* और सैम करन 22* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। बता दें कि पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम इंग्लैंड ने 250 रन की बढ़त बनाई। खराब रोशनी के कारण कुछ देर तक खेल रुका रहा, जिसके हाद तीसरे दिन का खेल खत्म कर दिया गया।
पहली पारी में टीम इंडिया द्वारा मिले 107 रन के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत थोड़ी खराब हुई। 28 रन के स्कोर पर मेजबान इंग्लैंड टीम का पहला विकेट कीटोन जेनिंग्स (11) के रूप में गिरा। जेनिंग्स को मोहम्मद शमी ने LBW आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके कुछ ही देर के बाद 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने एलिस्टर कुक (21) को विकेटकीपर कार्तिक के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया।
जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवाने के बाद जो रूट और डेब्यू कर रहे ओलिवर पोप ने इंग्लैंड की पारी को संभाला। इस दौरान इंग्लैंड ने 14वें ओवर में 50 रन के आंकड़े को पार किया। संभलकर बल्लेबाजी करते हुए रूट-पोप ने तीसरे विकेट के लिए 45 रन जोड़े। मगर 28 रन बनाने के बाद वह पंड्या की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए।
पोप ने भी अंपायर के फैसले के खिलाफ रिव्यू लिया लेकिन तीसरे अंपायर ने फील्ड अंपायर के फैसले को बरकरार रखा। इस तरह इंग्लैंड का यह रीव्यू पूरी तरह बर्बाद रहा। लंच से ठीक पहले इंग्लैंड को करारा झटका लगा। यह विकेट था कप्तान जो रूट (19) का। मोहम्मद शमी ने एक खूबसूरत गेंद पर उन्हें LBW आउट किया। शमी ने लंच के बाद जॉनी बेयरस्टो के साथ पारी संभाल रहे जोस बटलर को भी एलबीडब्ल्यू कर दिया। उन्होंने 24 रन बनाए। पांचवें विकेट के लिए दोनों के बीच 42 रन की साझेदारी हुई।
5 विकेट गंवाने के बाद एक बार फिर बेयरस्टो ने वोक्स के साथ शानदार बल्लेबाजी दिखाई। दोनों ने टी ब्रेक तक पांच विकेट पर 230 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी हुई।
दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। इस बीच बेयरस्टो ने अपनी पारी की 76वें गेंद में करियर का 19वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया जबकि वोक्स ने अपना पांचवां अर्धशतक पूरा करने के लिये 71 गेंदों का सामना किया। हालांकि बेयरस्टो अपने शतक से चूक गए। उन्हें हार्दिक पांड्या की गेंद पर विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक ने जबरदस्त छलांग लगाते हुए लपका। इंग्लैंड ने 49वें ओवर में 200 रन पूरे किए। इस बीच ऑलराउंडर क्रिस वोक्स ने अपनी पहली सेंचुरी पूरी की। टीम इंडिया की तरफ से मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। इसके अलावा हार्दिक पांड्या ने 2 और इशांत शर्मा ने 1 विकेट लिए।
भारतीय टीम की पहली पारी
मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को भारतीय टीम टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने पहुंची। टीम इंडिया की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। इंग्लिश तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने अपनी कहर बरपाती गेंदों से भारतीय ओपनिंग लाइनअप को तहस-नहस कर दिया।
एंडरसन ने बिगाड़ी भारत की शुरुआत
टीम का खाता भी नहीं खुला था कि पहले ओवर की पांचवीं गेंद में एंडरसन ने मुरली विजय को क्लीन बोल्ड कर दिया। सीम पर पड़ी इस फुल डिलीवरी बॉल ने हवा में तैरते हुए विजय के ऑफ स्टंप की गिल्लियां बिखेर दी। इस गेंद का सलामी बल्लेबाज के पास कोई जवाब नहीं था।
सातवें ओवर की पहली गेंद एक बार फिर भारतीय टीम के लिए बुरी खबर लेकर आई। इस बार बल्लेबाज केएल राहुल थे। राहुल के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए गेंद विकेटकीपर बेयरस्टो के दस्तानों में समां गई। राहुल ने आउट होने से पहले 8 रन बनाए।
बदकिस्मती से पुजारा भी रन आउट हो गए। मैच अब लंबे समय के लिए बारिश के चलते फिर से बंद हुआ। खेल दोबारा शुरू होते ही 22वें ओवर की चौथी गेंद पर क्रिस वोक्स ने टीम इंडिया को कप्तान विराट कोहली के रूप में चौथा झटका दिया।
वोक्स ने उन्हें जोस बटलर के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। चौथे विकेट के रहाणे और विराट के बीच 34 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद 24वें ओवर की तीसरी गेंद पर एक बार फिर वोक्स ने हार्दिक पांड्या (11) को अपना शिकार बनाया। हार्दिक को वोक्स ने जोस बटलर के हाथों कैच आउट कराया।
वहीं, इंग्लैंड के युवा तेज गेंदबाज सैम करन ने 25 ओवर की दूसरी गेंद पर विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को क्लीन बोल्ड कर दिया। वह 1 रन बनाकर आउट हो गए। 30वें ओवर की चौथी गेंद पर टीम इंडिया का सातवां विकेट गिरा। एंडरसन ने अजिंक्य रहाणे को एलिस्टर कुक के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन भेजा। वह 18 रन बनाए। सतवें विकेट के लिए अश्विन और रहाणे के बीच 22 रन की साझेदारी हुई।
इसके बाद 34वें ओवर की आखिरी गेंद पर एंडरसन ने कुलदीप यादव को LBW आउट किया। वहीं, 35वें ओवर की दूसरी गेंद पर स्टुअर्ट ब्रॉड ने आर अश्विन को LBW आउट कर चलता किया। वह 29 रन बनाकर चलते बने। इस मुकाबले का आखिरी विकेट इशांत शर्मा के रूप में गिरा। उन्हें जेम्स एंडरसन ने अपना शिकार बनाया। वह LBW आउट हो गए। इंग्लैंड की तरफ से एंडरसन के अलावा क्रिस वोक्स ने 2, जबकि करन और ब्रॉड ने 1-1 विकेट लिए।
टीम इंडिया की तरफ से सबसे ज्यादा आर अश्विन ने 29 रन बनाए। वहीं, इंग्लैंड की तरफ से जेम्स एंडरसन ने 13.2 ओवरों में 20 रन देकर सबसे ज्यादा 5 विकेट झटके।
दोनों टीम इस प्रकार है:
भारतीय टीम ने एजबेस्टन में पहला टेस्ट मैच 31 रन से गंवाने वाली टीम में दो बदलाव किए हैं। उसने सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की जगह चेतेश्वर पुजारा और तेज गेंदबाज उमेश यादव के स्थान पर बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में रखा है।
इंग्लैंड की तरफ से ओलिवर पोप टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करेंगे। उन्हें डेविड मलान के स्थान पर लिया गया है। कानूनी पचड़ो में उलझे ऑलराउंडर बेन स्टोक्स की जगह क्रिस वोक्स को टीम में रखा गया है। मैच का पहला दिन बारिश की भेंट चढ़ गया था।
भारत- विराट कोहली (कप्तान), मुरली विजय, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, इशांत शर्मा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी।
इंग्लैंड- जो रूट (कप्तान), एलेस्टर कुक, कीटोन जेनिंग्स, जॉनी बेयरस्टो, जोस बटलर, ओलिवर पोप, आदिल रशीद, सैम करन, जेम्स एंडरसन, स्टुअर्ट ब्रॉड, क्रिस वोक्स।
बताते चलें कि यह टेस्ट गुरुवार से शुरू होना था, लेकिन पहला दिन बारिश के चलते धूल गया। यहां तक कि टॉस भी नहीं हो पााय था। ऐसे में दोनों ही टीम इस 4 दिन के टेस्ट मैच में अलग रणनीति के साथ खेलते दिखेगी।
पहले दिन के खेल पर फिर था पानी
लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ गया था और एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। लंदन में काफी देर तक रुक-रुक कर बारिश हुई, जिसके कारण पहले दिन टॉस भी नहीं हो पाया। मैच अधिकारियों ने निर्धारित समय से आधा घंटा पहले ही लंच ब्रेक लेने का फैसला किया था।
लंच के बाद भी लगातार बारिश होती रही जिसके कारण खेल शुरू नहीं हो पाया। चाय के ब्रेक का समय खत्म होने के बाद मौसम कुछ साफ हुआ और बारिश हल्की हुई। अंपायर्स ने इस दौरान बाहर आकर मैदानकर्मियों के साथ बात भी की जो कवर्स के ऊपर से लगातार पानी हटा रहे थे।
अंपायरों ने इस दौरान तीन बार मैदान का निरीक्षण किया। आखिरी निरीक्षण के दौरान तक बादल छाए हुए थे और रोशनी कम थी। अंपायर्स ने खेलने लायक स्थिति न देख दिन का खेल खत्म करने का फैसला लिया।