पहली पारी में 0 और दूसरी में 1 रन, बचा लिया 22 साल पुराना शर्मनाक रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वार्नर ने दूसरी पारी में खाता खोलने के साथ ही शर्मनाक बल्लेबाजी का 22 साल पुराना रिकॉर्ड टूटने से बचा लिया।
पल्लेकल में खेले जा रहे बारिश से प्रभावित पहले टेस्ट मैच में वार्नर दूसरी पारी में खाता खोलने में कामयाब रहे लेकिन वह दूसरी पारी में महज एक रन बनाकर आउट भी हो गए। वह इसी एक रन के सहारे किसी टेस्ट मैच में शर्मनाक बल्लेबाजी की ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड की बराबरी करने से बच गए।
वार्नर पहली पारी में खाता नहीं खोल सके थे तो दूसरी पारी में वह एक रन बनाकर आउट हो गए। 1994 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ने किसी मैच की दोनों पारी मिलाकर सबसे कम रन बनाए हों।
16 साल पहले कराची टेस्ट में पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई टीम के ओपनर मार्क टेलर अपनी दोनों पारियों में खाता नहीं खोल पाए थे जो किसी भी कंगारू ओपनर का किसी टेस्ट मैच में सबसे खराब प्रदर्शन का रिकॉर्ड है।
वार्नर की इस पारी के इतर बारिश का खेल में लगातार दखल जारी है और बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुके मैच के चौथे दिन जब श्रीलंकाई गेंदबाज मैच में हावी हो रहे थे कि बारिश ने खेल ही रोक दिया। कंगारू टीम को जीत के लिए 185 रन और बनाने हैं जबकि उसके 7 विकेट शेष हैं।
दोहरे शतक से चुके कुशल, पुछल्लों ने पार कराया 300 का आंकड़ा
चौथे दिन की शुरुआत कल के नाबाद बल्लेबाज कुशल मेंडिस ने की लेकिन वह अपनी पारी में सिर्फ 7 रन और जोड़ सके। वह 176 रन बनाकर आउट हो गए। उनके जाने के बाद मध्य और पुछल्ले क्रम के बल्लेबाजों ने कुछ ठोस बल्लेबाजी की और टीम को 353 रन तक पहुंचा दिया। कंगारू तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने 4 विकेट झटके।
कुशल के अलावा दिनेश चंडीमल (42), धनंजय डी सिल्वा (36) और रंगना हेराथ (35) ने उपयोगी पारियां खेली जिसने टीम को 300 के पार पहुंचा ही दिया। श्रीलंका दूसरी पारी में 353 रन बनाकर आउट हो गई थी। पहली पारी में वह सिर्फ 117 रन ही कर सकी थी। जबकि ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 203 रन बनाए थे।
ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 268 रनों का लक्ष्य मिला लेकिन उसकी शुरुआत बेहद खराब रही और 2 रन पर ही डेविड वार्नर का विकेट खो दिया और 63 रन तक उसके 3 विकेट गिर गए थे। कंगारू टीम संकट में दिख रही थी लेकिन बारिश ने उसकी स्थिति खराब होने से बचा लिया। कप्तान स्टीव स्मिथ 26 और एडम वोग्स 9 रन बनाकर खेल रहे थे।