हजारों विद्यार्थियों के राहत, रूसा को लेकर सरकार ने लिया बड़ा फैसला
हिमाचल सरकार ने हजारों विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए रूसा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के सभी डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2018-19 से फर्स्ट ईयर में सेमेस्टर सिस्टम समाप्त कर वार्षिक परीक्षा प्रणाली शुरू की जाएगी।
इससे हजारों विद्यार्थियों को लाभ होगा। रूसा में बदलाव करने के लिए सरकार की ओर से गठित कमेटी ने अपना प्रस्ताव लगभग तैयार कर लिया है। वीरवार को उच्च शिक्षा निदेशालय में हुई कमेटी की बैठक में प्रदेश विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक और रजिस्ट्रार से भी इस बाबत चर्चा की गई।
कमेटी ने वार्षिक परीक्षा प्रणाली पर लौटने के लिए प्रदेश विश्वविद्यालय को अपनी तैयारियों को लेकर एक हफ्ते में रिपोर्ट देने के आदेश दिए। इस रिपोर्ट के आधार पर कमेटी प्रदेश सरकार को अपना प्रस्ताव सौंपेगी।
कमेटी इस दिन सरकार को सौंप देगी अपनी रिपोर्ट
संभावित है कि 31 मई से पहले कमेटी अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप देगी। उधर, कमेटी ने प्रदेश के सभी कॉलेजों को प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने के लिए प्रोस्पेक्टस छापने पर रोक लगा दी है।
18 जून से कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होनी है। ऐसे में सरकार जून के पहले हफ्ते में ही सेमेस्टर सिस्टम खत्म करने का फैसला ले सकती है। भाजपा के दृष्टि पत्र में रूसा के तहत सेमेस्टर सिस्टम को समाप्त कर वार्षिक परीक्षा
प्रणाली पर लौटने की घोषणा की गई है। इस घोषणा को पूरा करने के लिए अप्रैल में सरकार ने प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति सुनील गुप्ता की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया है।
पुराने विद्यार्थियों पर सेमेस्टर सिस्टम रहेगा लागू
वीरवार को लगातार दूसरे दिन कमेटी की उच्च शिक्षा निदेशालय में बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक बैठक में सेमेस्टर सिस्टम समाप्त करने को मंजूरी दे दी गई है। विश्वविद्यालय से मात्र औपचारिकता के लिए रिपोर्ट मांगी जा रही है।
रूसा के तहत अभी स्नातक कर रहे विद्यार्थियों की परीक्षाएं सेमेस्टर सिस्टम के तहत ही होंगी। इन्हें वार्षिक परीक्षा की प्रणाली में नहीं लौटाया जाएगा। सिर्फ कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों पर व्यवस्था लागू होगी।