गोमतीनगर की हवा सबसे जहरीली, 374 से 426 पहुंचा एक्यूआई, सांस लेना भी मुश्किल
राजधानी की हवा में शनिवार के मुकाबले रविवार को भले ही मामूली सुधार हुआ हो, लेकिन गोमतीनगर की हवा पहले से भी ज्यादा खराब हो गई। हालत यह है कि शनिवार यहां 374 एक्यूआई दर्ज किया गया था, वहीं रविवार को एक्यूआई 426 पहुंच गया।
वहीं लखनऊ का एक्यूआई 400 रिकॉर्ड हुआ। शनिवार को एक्यूआई 422 लखनऊ का रहा था। हवा में भले ही प्रदूषण कम हुआ हो लेकिन अब भी यह खतरनाक और बहुत खराब हवा की सीमा पर बना हुआ है।
प्लाईवुड व फ्लाईओवर के काम पर लगाई रोक
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की रिपोर्ट के मुताबिक, गोमतीनगर में पीएम2.5 बढ़े होने की वजह से ऐसा हुआ है। वहीं दूसरे नंबर पर वायु प्रदूषण तालकटोरा में बना हुआ है।
यहां एक्यूआई 398 रिकॉर्ड किया गया है। यहां शनिवार को एक्यूआई 455 था। यहां हवा में सुधार हुआ है। इसकी वजह तालकटोरा क्षेत्र में प्लाईवुड के अलावा अन्य फैक्टरियों में काम बंद कराना है। यहां फ्लाईओवर के काम भी अभी रोक दिए गए हैं।
रेलवे सहित चार पर लगा जुर्माना
यूपीपीसीबी ने वायु प्रदूषण फैलाने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम सहित चार पर जुर्माना लगाया है। गोमतीनगर स्टेशन पर प्रदूषण होने से रोकने में फेल रहने पर डीआरएम पर 3.98 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
वहीं ऐशबाग में सचिन अग्रवाल की तार पिघलाने वाली फैक्टरी को जबरन बंद कराने के बाद अब 1.56 लाख रुपये का जुर्माना लगा है। वृंदावन योजना में दो प्रोजेक्ट स्काईबैग इंफोटेक और अरावली एन्क्लेव पर भी क्रमश: 2.34 लाख रुपये और 3.51 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है।
इस तरह से बिगड़ी मिली हवा
कब कितना रहा एक्यूआई 2 नवंबर -- 3 नवंबर
तालकटोरा 455 -- 398
अलीगंज 40 -- 341
लालबाग 446 -- स्टेशन बंद रहा
गोमतीनगर 374 -- 426
निर्माणों को ढकने पर एलडीए का जोर
एलडीए के मुख्य अभियंता इंदुशेखर सिंह ने बताया कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों को ढकने के साथ बिल्डिंग मैटेरियल और मिट्टी पर लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है।
इसके लिए एलडीए वीसी प्रभु एन सिंह की बनाई आठ टीमें रविवार को भी क्षेत्रों में जांच करने के लिए गईं। बड़े प्रोजेक्टों में अभी काम भी रोक दिए गए हैं।