{"_id":"6415c2e7bf6f1413620ea856","slug":"young-man-was-beaten-to-death-on-suspicion-of-burning-paravat-in-dhamtari-2023-03-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"सरपंच ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला: पैरावट जलाने का लगाया आरोप, फिर साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से पीटा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सरपंच ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला: पैरावट जलाने का लगाया आरोप, फिर साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से पीटा
Sat, 18 Mar 2023 07:26 PM IST
मोहनीश श्रीवास्तव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धमतरी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धमतरी
Published by: मोहनीश श्रीवास्तव
Updated Sat, 18 Mar 2023 07:26 PM IST
सार
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान मिले हैं। आरोपियों ने पैरावट में आग लगाने के शक में पिटाई की थी। फिलहाल संदेहियों से थाने में पूछताछ की जा रही है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
युवक की हत्या की सूचना पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : संवाद
विस्तार
छत्तीसगढ़ के धमतरी में भाजपा नेता और सरपंच ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक की शुक्रवार रात पीट-पीटकर जान ले ली। आरोपियों ने युवक पर पैरावट में आग लगाने का आरोप लगाया और फिर उसे लाठी-डंडों से जमकर पीटा। पिटाई से युवक के शरीर पर गंभीर चोटें और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शनिवार को पंचनामा कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है। अर्जुनी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, सरसोपुरी गांव निवासी खिलेश्वर यादव (40) शुक्रवार रात घूम रहा था। इसी दौरान गांव के सरपंच रिंकू सेन कुछ लोगों को लेकर पहुंच गया। आरोपियों ने खिलेश्वर पर गांव के पैरावट में आग लगाने का आरोप लगाया और फिर उसकी पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि सरपंच और उसके साथियों ने लाठी-डंडे से जमकर खिलेश्वर को पीटा। इसके चलते खिलेश्वर लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी चले गए। परिजनों को इसकी जानकारी लगी तो उसे लेकर अस्पताल पहुंचे।
आरोप है कि वहां भी इलाज में सहयोग नहीं मिला। इसके कारण परिजन उसे लेकर घर लौटने लगे, लेकिन रास्ते में खिलेश्वर की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कुछ संदेही युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान मिले हैं। आरोपियों ने पैरावट में आग लगाने के शक में पिटाई की थी। फिलहाल संदेहियों से थाने में पूछताछ की जा रही है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है।