CG Election 2023: सरगुजा जिले के 172 बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता 9 और 10 नवम्बर को घर से करेंगे मतदान
विधानसभा क्षेत्र लुण्ड्रा में 80 वर्ष से अधिक आयु और योग्य दिव्यांगजन की कुल संख्या 54 है। इसी तरह, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 अम्बिकापुर में 72 और विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 11 सीतापुर में 46 मतदाताओं को चिन्हांकित किया गया है जिनके द्वारा होम वोटिंग की जाएगी।
विस्तार
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के निर्वाचन में 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता व दिव्यांग मतदाताओं को घर पर ही वोट डालने की सुविधा प्रदान की गई है। इसी कड़ी में अंबिकापुर में तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 20 मतदान दलों का गठन किया गया है। निर्वाचन आयोग द्वारा पहली बार 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं व दिव्यांग मतदाताओं को होम वोटिंग की सुविधा प्रदान की जा रही है। जिले में नौ एवं 10 नवम्बर के दिन होम वोटिंग कराई जा रही है। निर्धारित मतदान दिवस के पूर्व यह मतदान किया जा रहा है।
दरअसल होम वोटिंग के लिए कुल 20 टीमें बनाई गई हैं, प्रत्येक टीम में एक-एक पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी तथा माइक्रो ऑब्जर्वर होंगे। विधानसभा क्षेत्र लुण्ड्रा के लिए छह दल, विधानसभा अम्बिकापुर के लिए आठ दल तथा विधानसभा सीतापुर के लिए छह दल बनाए गए हैं। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 172 बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाता चिन्हांकित हैं, जिनमें 80 वर्ष से अधिक आयु के 141 एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाता 31 हैं।
गौरतलब है कि विधानसभा क्षेत्र लुण्ड्रा में 80 वर्ष से अधिक आयु और योग्य दिव्यांगजन की कुल संख्या 54 है। इसी तरह, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 अम्बिकापुर में 72 और विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 11 सीतापुर में 46 मतदाताओं को चिन्हांकित किया गया है जिनके द्वारा होम वोटिंग की जाएगी।