जशपुर में 5 साल के मासूम की निर्मम हत्या: खेत के गड्ढे में मिला बोरी-कंबल में लिपटा शव, रिश्तेदार हिरासत में
पांच साल के मासूम जितेंद्र राम की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बच्चे का शव सन्ना गांव में खेत के गड्ढे से बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ बरामद हुआ। पुलिस ने संदेह के आधार पर बच्चे के ममेरे चाचा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विस्तार
सन्ना थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सन्ना में 7 नवंबर की सुबह ग्रामीणों को खेत में बने एक गड्ढे में बच्चे का शव दिखाई दिया। मृतक मासूम की पहचान लोढ़ेनापाठ निवासी पांच वर्षीय जितेंद्र राम के रूप में की गई। हत्यारों ने अपराध को छिपाने के लिए बच्चे के शव को बोरी, कंबल और गोदरी में लपेटकर गड्ढे में फेंक दिया था। इस खौफनाक दृश्य को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत सन्ना थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को अपने संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मासूम जितेंद्र राम की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए बच्चे के रिश्तेदार वासुदेव उर्फ टांगनु को हिरासत में लिया है। संदेही वासुदेव रिश्ते में बच्चे का ममेरा चाचा बताया जा रहा है। सन्ना थाना पुलिस की टीम संदेही से लगातार पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या के पीछे के मुख्य कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं का पता लगाया जा सके। हालांकि पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरोपी की अंतिम संलिप्तता को लेकर जांच जारी है। पूरी पड़ताल के बाद ही हत्या की वास्तविक परिस्थितियों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट होगी।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद बच्चे के शरीर से आंखें और किडनी गायब होने की चर्चाएं और आरोप भी सामने आए हैं। इन दावों के बाद क्षेत्र में विभिन्न तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं और लोगों में चिंता बढ़ गई है। हालांकि पुलिस और संबंधित अधिकारियों का कहना है कि अंग गायब होने से जुड़े इन आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने और पुलिस की अग्रिम जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने लोगों से आधिकारिक जानकारी आने तक किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया है।