मोहाली: सड़कों पर घूमते लोगों से यमदूत बोले- आप घर पर नहीं रुके, अब मैं आपको लेने आया हूं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना के चलते लगे कर्फ्यू में लोगों को घरों पर रोकने के लिए पुलिस कई तरह के प्रयास कर रही है। गुरुवार को थाना फेज-1 की पुलिस ने रामलीला के कलाकारों को साथ लेकर लोगों को सुधारने की अनूठी कोशिश की। इस दौरान यमदूत और उसके अंगरक्षक बने कलाकार सड़कों पर उतरे। उन्होंने लॉकडाउन के नियम तोड़ने वालों को समझाया कि वे कोरोना के चलते घर में नहीं रुके, ऐसे में अब उन्हें साथ लेने आया हूं।
एसएचओ इंस्पेक्टर मनफूल सिंह ने कहा कि उनकी कोशिश है कि कोरोना से बचने के लिए लोग अपने घरों में रहें और बाहर न निकलें। इसके चलते यह प्रयास किया गया है। यमदूत की ड्रेस में कलाकारों को लाने के पीछे कोशिश यही है कि लोग महामारी की गंभीरता को समझें। उन्होंने बताया कि अचानक कभी भी कोई व्यक्ति इसकी चपेट में आ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस मुश्किल के समय में सभी सहयोग दें।
लॉकडाउन-2 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ कहा है कि लोगों को घरों में रोकने के लिए सख्ती की जाए। लेकिन देखने में आ रहा है कि लोग घरों में नहीं रूक रहे हैं। ऐसे में थाना फेज-1 और बलौंगी राम लीला के कलाकारों की ओर से यह प्रयास किया गया है।
इस दौरान एक नाटक का मंचन भी किया गया। जिसके माध्यम से लोगों को समझाया कि कोरोना कितना खतरनाक है। जिला मोहाली कोरोना का हॉटस्पॉट बनकर उभरा है। जिले में अब तक 56 लोग कोरोना का शिकार हो चुके हैं। इसमें दो लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि छह लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
गांव वाले बीमारी को लेकर काफी गंभीर
इससे पहले मोहाली पुलिस के जवान लॉकडाउन को तोड़ने वालों से उठक-बैठक और मुर्गा बनाकर चलाने समेत कई सजाएं दे चुके हैं। जबकि इस बार का प्रयास बिल्कुल अलग है। वहीं, अगर बात शहर और गांवों की करे तो ग्रामीण क्षेत्रों के लोग बीमारी को लेकर काफी गंभीर हैं। उन्होंने गांवों के रास्ते बंद कर दिए हैं। गांवों में ठीकरी पहरे लगाए हैं, ताकि कोई भी बाहरी व्यक्ति गांव में न घुसे।