अमृतसर और लुधियाना में तेज बारिश, हरियाणा में इस सीजन 35 प्रतिशत कम बरसात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रविवार का पंजाब के अमृतसर और लुधियाना में तेज बारिश के साथ आगाज हुआ। सुबह से हुई तेज बारिश से सड़कों पर पहिए थाम दिए। लुधियाना में सुबह 10.15 बजे से जोरदार बारिश हुई। हालांकि शहर के कई एरिया में बारिश कम रही लेकिन हैबोवाल एरिया में जमकर बादल बरसे। पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी माहिरों के अनुसार दोपहर 2.30 बजे तक जिला लुधियाना में 98 एमएम बरसात दर्ज की गई है। बारिश में जहां उमस भरे मौसम से राहत मिली वहीं शहर की सड़कों पर हुए जलभराव ने आफत खड़ी कर दी।
रविवार सुबह से आसमान पर बादल छा गए और 10.15 बजे से तेज बारिश शुरू हो गई। लगभग 12.30 बजे तक बिना रुके दो घंटे लगातार बरसात हुई। इससे शहर के ज्यादातर एरिया में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। ज्यादातर एरिया में लोग ट्रैफिक जाम से जूझते दिखे।
देश में सामान्य तो प्रदेश में 35 प्रतिशत कम बारिश
एक हफ्ते की देरी से आया मानसून बीते तीन महीने में हरियाणा के सिर्फ चार जिलों में सामान्य रूप से बरस पाया है। बाकी जिले कम बारिश से जूझ रहे हैं, यहां तक कि कई जिलों में धान की फसल सूखने लगी है। इस हालात में किसानों को फसलों का उत्पादन कम होने की आशंका है। हालांकि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में चार सितंबर को कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश की उम्मीद है।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक एक जून से शुरू हुए मानसून सीजन के 92 दिनों में देश में अब तक जहां औसतन सामान्य बारिश हुई है। वहीं हरियाणा में सामान्य से 35 प्रतिशत कम बारिश हुई है। रोहतक में 67 प्रतिशत तो पंचकूला 61 प्रतिशत कम बारिश से जूझ रहा है। सामान्य से आधे से भी कम बारिश होने की वजह से फतेहाबाद, पानीपत और झज्जर जिलों का भी हाल बुरा है।
कम बारिश की वजह मौसम वैज्ञानिक वर्षा चक्र न बनना और मानसून का देरी से आना बता रहे हैं। बीते कई दिनों से कई जिलों में बारिश नहीं होने और तेज धूप निकलने से फसलों पर असर पड़ने लगा है। हालांकि, शनिवार दोपहर बाद झज्जर, नारनौल, भिवानी समेत अन्य जिलों में हुई हल्की से मध्यम बारिश थोड़ी राहत दिला गई, लेकिन धान की फसल के लिए यह बारिश नाकाफी है।
किसानों को अब भी अच्छी बारिश का इंतजार है। शनिवार को प्रदेश में दिन का सबसे अधिक तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस हिसार में दर्ज किया गया तो रात का तापमान सबसे अधिक 29.2 डिग्री सेल्सियस फरीदाबाद में पाया गया। चंडीगढ़ मौसम विभाग ने मानसूनी सिस्टम के सक्रिय होने के चलते 4 सितंबर को पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई है।
इन जिलों में सामान्य बारिश
सिरसा, यमुनानगर, करनाल और कुरुक्षेत्र
इन जिलों में सामान्य से कम बारिश (प्रतिशत में)
रोहतक-67
पंचकूला-61
फतेहाबाद-58
पानीपत-56
झज्जर-52
सोनीपत-49
कैथल- 49
महेंद्रगढ़-45
पलवल-42
जींद- 41
गुरुग्राम-40
फरीदाबाद-39
हिसार- 37
मेवात-36
भिवानी- 35
रेवाड़ी-20
अंबाला- 20