पंजाबः लोहड़ी पर मौसम ने ली करवट, बारिश ने माघी मेला की तैयारियों में डाला खलल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के चालीस सिंहों की याद में लगने वाले माघी मेला की पूरी तरह हो चुकी तैयारियों पर सोमवार को बारिश का कहर टूट पड़ा। पूरी हो चुकी तैयारियां धरी की धरी रह गई और पंडाल पानी से भरने के कारण मेले में खलल पड़ गया। मलोट रोड ऊंची होने और मेला ग्राउंड नीचे होने के कारण रोड का सारा पानी बहकर मैदान में आ गया।
इससे चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा था। वहीं मलोट रोड पर कई स्टालों के शेड व तिरपालें गिर गईं। वहीं दिन भर यहां लगने वाला बाजार लग न पाया, क्योंकि सड़क पूरी तरह पानी से लबालब भर चुकी है। मलोट रोड रविवार को मेला शुरू होने से पहले ही संगतों से खचाखच भरा नजर आने लगा था। वहीं सोमवार को यहां से रौनक गायब रही।
मेले के आगाज से एक दिन पहले जोरदार बारिश ने मेला आयोजकों व बाहरी राज्यों से स्टालें लगाने आए दुकानदारों को चिंता में डाल दिया है। 14 जनवरी को भी बारिश का कहर इसी तरह जारी रहता है तो लोगों की मुसीबतें और बढ़ सकती हैं। मेला आयोजकों को अब एक बार फिर से मेला ग्राउंड की तैयारी करनी पड़ेगी।
दिन में नजर आने लगा रात जैसा नजारा
सोमवार को सुबह की शुरुआत घने काले बादलों के मंडराने के साथ हुई। करीब बारह बजे तक जमकर बारिश हुई। इसके बाद भी रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी ने लोहड़ी का मजा किरकिरा कर दिया। सड़कों पर पानी भरने से गजक, मूंगफली विक्रेता बाजार में स्टालें ही न लगा सके।
सुबह करीब सात बजे ही आसमान पर काले बादल छाने से ऐसा लग रहा था मानो रात हो गई है। बारिश के बीच वाहन चालक लाइटें जलाकर चलते दिखाई दिए। बारिश के बाद मुक्तसर का तापमान न्यूनतम 7 तथा अधिकतम 13 दर्ज हुआ। नौ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलती रही।
लंबी ढाब डेरे में गिरी बिजली
लंबी ढाब स्थित डेरा बाबा रुखड़ दास में बिजली गिरने का समाचार भी है। लंबी ढाब निवासी हरपाल सिंह के अनुसार इस डेरे में पिछले दिनों ही नया कमरा बना था। कमरे पर बिजली गिरने से फर्श एक-दो जगहों से टूट गया।
शिअद-भाजपा के कॉन्फ्रेंस स्थल पर जलभराव
शिअद-भाजपा की कॉन्फ्रेंस को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही तैयारियां पूरी हो चुकी थी। बारिश के कारण कॉन्फ्रेंस स्थल का पंडाल, मैट व गद्दे भीग गए। शिअद विधायक कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी ने बताया करीब बीस दिन से मंच सजाने की तैयारी की जा रही थी। सारा कार्य पूरा हो गया था, बारिश ने पूरे प्रबंध धो डाला। अब कॉन्फ्रेंस मलोट रोड स्थित नारायणगढ़ पैलेस में होगी।
ठंड से अन्य पार्टियां कांपी, इसलिए नहीं कर रही कॉन्फ्रेंस: सुखबीर
भारी बारिश से मलोट रोड पर शिअद-भाजपा की कॉन्फ्रेंस स्थल में पानी भरने के कारण जगह बदल दी गई है। अब कॉन्फ्रेंस नारायणगढ़ पैलेस में होगी। सोमवार को दोपहर बाद तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने जब कॉन्फ्रेंस स्थल में पानी भरा देखा तो जगह बदलने का फैसला किया।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बढ़-चढ़कर कॉन्फ्रेंस में पहुंचने का आह्वान करते हुए उनमें जोश भरा। साथ ही कांग्रेस व आप के मेला माघी पर कॉन्फ्रेंस न करने के फैसले पर चुटकी लेते हुए कहा कि ठंड ज्यादा होने के कारण शायद अन्य पार्टियां कांप गई हैं। इसलिए कॉन्फ्रेंस नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बारिश हो या आंधी आ जाए, शिअद की कॉन्फ्रेंस सफल होकर रहेगी।