तस्करों को पकड़ने गई एसटीएफ टीम पर हमले का वीडियो वायरल, खून से लथपथ दिखे पुलिसकर्मी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुल्तानपुर लोधी के गांव लाटियांवाल में तस्करों को पकड़ने गई दूसरे जिले की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) पर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि इस मामले से जिला पुलिस खुद को अनजान बता रही है। 1.28 मिनट और 47 सेकेंड के दो वीडियो में दिख रहा है कि एसटीएफ के कुछ जवान नशे के मामले को लेकर रेड करने गांव लाटियांवाल आए हुए हैं।
नशा तस्करों से झड़प में बुरी तरह से जख्मी होने की तस्वीरें दिख रही हैं। जिस गाड़ी में पुलिस वाले आए। उसके शीशे भी टूटे हुए हैं। एक बंधक पुलिस कर्मी तो हमलावरों के आगे गिड़गिड़ाता हुआ दिखाई दे रहा है। एक पुलिसकर्मी खून से लथपथ दिख रहा है। डीएसपी सुल्तानपुर लोधी सरवन सिंह बल ने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि वह आज कपूरथला में थे, इस बारे में उनको कुछ मालूम नहीं है।
थाना सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ सरबजीत सिंह ने बताया कि वह खुद दो बार गांव से होकर आए हैं। कोई भी गांव निवासी ऐसी घटना की पुष्टि नहीं कर रहा। यदि कोई ऐसी घटना घटित हुई है तो कुछ न कुछ तो जरूर पता चलता। हो सकता है वायरल वीडियो पुराना हो। बता दें कि दिसंबर में भी गांव हमीरा में नशा तस्करों को इसी तरह जिला पुलिस को सूचना दिए बिना रेड करने गई एसटीएफ की टीम पर हमला हुआ था। इसमें चार पुलिस कर्मी जख्मी हो गए थे।
शराब तस्कर पकड़ने पहुंची पुलिस पार्टी का किया घेराव
एक अन्य घटना में, कपूरथला के गांव नवा पिंड भट्ठा के मुख्य मार्ग पर नाका देखकर एक स्कूटर सवार व्यक्ति गांव की तरफ भाग निकला। उसे पकड़ने के लिए पीछे गई पुलिस टीम को 20-25 लोगों ने घेर लिया। पुलिस को देखकर भाग रहे व्यक्ति ने पुलिस के सामने सरेआम प्लास्टिक की कैनी में भरी शराब फैला दी।
जब पुलिस ने रोका तो लोगों ने पुलिस टीम को घेरकर गाली गलौज की थाना कोतवाली की पुलिस ने 11 लोगों को सरकारी काम में विघ्न डालने के आरोप में नामजद करते हुए 13 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सिपाही कुलदीप सिंह ने बताया कि 3 जनवरी उन्होंने पुलिस टीम के साथ गांव नवां पिंड भट्ठे के मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की थी।
इस दौरान एक सफेद रंग की स्कूटर पर व्यक्ति आता दिखाई दिया। जब पुलिस पार्टी ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने स्कूटरी गांव नवां पिंड भट्ठे की तरफ भगा ली और एक घर में घुस गया। जब पुलिस पार्टी उसे पकड़ने के लिए गांव पहुंची तो उन्हें करीब 20-25 लोगों ने घेर लिया। पुलिस के सामने ही स्कूटर चालक अजीत सिंह निवासी गांव नवां पिंड भट्ठे ने अवैध शराब जमीन पर गिराना शुरू कर दी।
जब पुलिस टीम ने उसे ऐसा करने से रोका तो लोगों के हुजूम ने उन्हें घेरकर जमकर गाली-गलौज करते हुए सरकारी काम में विघ्न डाला। सिपाही कुलदीप सिंह के अनुसार लोगों ने उन्हें कई तरह की धमकियां भी दी। इसके बाद किसी तरह से टीम वहां से निकली और उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दी।
सिपाही कुलदीप सिंह के बयान पर थाना कोतवाली की पुलिस ने महिंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, दविंदर सिंह, अमरजीत सिंह उर्फ बोला, सुखजिंदर सिंह उर्फ साबी, जसविंदर कौर उर्फ रज्जी, सतनाम कौर, साबी, राजा, बलविंदर कौर, कालो के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ-साथ 13 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।