केंद्रीय मंत्री वीके सिंह बोले, केंद्र सरकार ने दलालों का तंत्र खत्म कर हर आदमी को दिया अधिकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल (रिटायर्ड) वीके सिंह ने कहा कि सेना व सुरक्षा बल के जवान अपना काम बेहतर तरीके से कर रहे हैं। इसे लेकर केंद्र सरकार की नीति पूरी तरह से स्पष्ट है। साथ ही उन्होंने कहा कि राफेल को जबरन मुद्दा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। राहुल गांधी को इस तरह की बचकाना हरकतों से बचना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने दलालों का तंत्र खत्म कर हर आदमी को उसके अधिकार दिए हैं।
वह बुधवार को हरियाणा के सोनीपत के मॉडल टाउन स्थित डाकघर में पासपोर्ट सेवा केंद्र जनता को समर्पित करने के बाद बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह सोनीपत के लोगों के लिए सौगात है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश का 11वां और देश का 235वां पासपोर्ट सेवा केंद्र है। यह पासपोर्ट सेवा केंद्र डाक विभाग के सहयोग से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में विजयवाड़ा में पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन करके लौटते समय जिला स्तर पर लोगों को पासपोर्ट सेवा केंद्र की सुविधा देने का विचार आया था।
इसके बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने इस बात को सिरे चढ़ाया। यहीं नहीं डाक-तार विभाग का इसमें पूरा सहयोग मिला और आज हम सोनीपत में देश का 235वां पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट सेवा केंद्रों में कर्मचारी डाक विभाग के होंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना पासपोर्ट विभाग व डाक-तार विभाग दोनों के लिए लाभदायक है।
पासपोर्ट सेवा के लिए पूरी प्रणाली को पारदर्शी ढंग से लागू किया गया है। दलालों के गिरोह को खत्म किया है और पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है। घर बैठे भी अपने मोबाइल, कंप्यूटर या कामन सर्विस सेंटर से सीधे आवेदन कर सकते हो। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट के लिए सत्यापन करने के मामले में हरियाणा पुलिस देश में दूसरे स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि पुलिस को किसी के घर जाने की जरूरत नहीं, बल्कि इसके लिए ऑनलाइन की अनुमति प्रदान कर दें। पासपोर्ट बनवाने वालों के लिए मोबाइल में एप भी तैयार किया है। कहीं से कहीं के लिए भी आवेदन किया जा सकता है। इस दौरान सांसद रमेश कौशिक भी मौजूद रहे।