अंबाला में लोहे की सीढ़ी 11 केवी लाइन से छुई, पेट्रोल पंप के दो कर्मी जिंदा जले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंबाला सिटी के नजदीकी गांव धुरकड़ा में रविवार को पेट्रोल पंप की बिजली ठीक करने के लिए सीढ़ी लेकर आ रहे तीन कर्मचारी करंट लगने से झुलस गए। दरअसल, 12 फीट ऊंची पहिये वाली लोहे की सीढ़ी 11 केवी लाइन से छू गई। जोरदार धमाके से दो कर्मचारी काफी दूर जा गिरे और उनके शरीर में आग लग गई। जब तक आग को बुझाया जाता दोनों की मौत हो गई। जबकि एक कर्मचारी हल्का झुलस गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक पर गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, गांव धुरकड़ा निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ मोनू (20), गांव सेगता निवासी गुरध्यान (30) और गांव बकनौर निवासी रिंकू (30) गांव धुरकड़ा स्थित संपत पेट्रोल पर काम करते थे। अस्पताल में भर्ती रिंकू ने बताया कि सुबह पेट्रोल पंप पर बिजली नहीं थी। इसकी जानकारी होने पर पंप मालिक योगेश ने उन्हें पास स्थित महावीर कॉलेज से लोहे की पहिये वाली सीढ़ी लाकर फॉल्ट ठीक करने को कहा।
करीब दस बजे रिंकू, मोनू और गुरध्यान कॉलेज से सीढ़ी को धक्का लगाकर पंप की ओर ले जा रहे थे। पेट्रोल पंप पर कार्यरत इंद्रजीत बाइक पर उनके साथ चल रहा था। इसी बीच रोड के पास 11 हजार केवी के तारों से सीढ़ी छू गई और जोरदार धमाका हुआ। इस दौरान मोनू और गुरध्यान को जोर का झटका लगा और वह उछलकर कुछ फीट दूर जा गिरे, जबकि रिंकू को मामूली झटका लगा।
मोनू और गुरध्यान के शरीर में आग लग गई, जिन्हें बुझाने का प्रयास इंद्रजीत और रिंकू ने किया। मामले की जानकारी इंद्रजीत ने पंप मालिक को दी, जिसके बाद वह आया और तीनों को अपनी कार से सिविल अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने मोनू और गुरध्यान को मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल दौड़े। मामले की जानकारी सदर थाना पुलिस को दी गई। एसएचओ राजेश ने बताया कि गुरध्यान के पिता मायाराम की शिकायत पर संपत फीलिंग स्टेशन के मालिक योगेश सिंह के खिलाफ धारा 304-ए के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।