मोहाली में मरकज से लौटे दो जमाती मिले कोरोना पॉजिटिव, जिले में पीड़ितों की संख्या पहुंची 12
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक दिन की राहत के बाद शुक्रवार को फिर से मोहाली में दो कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनके सामने आने के बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव केसों की कुल संख्या 12 हो गई है। ये दोनों लोग तब्लीगी जमात से संबधित है। दिल्ली में हुए मरकज में शामिल होकर लौटे लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की दिन-रात की मेहनत पर पानी फेर दिया है। मरकज से लौटकर आए ज्यादातर लोग कोरोना संदिग्ध हैं और कुछ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
स्वास्थ्य विभाग ने जमात के लोगों के संपर्क में आने वालों की तलाश शुरू कर दी है। कोरोना को लेकर मोहाली के लिए यह सप्ताह चिंता पैदा करने वाला रहा। इस हफ्ते कोरोना संक्रमण के कारण एक मौत के साथ ही अब तब्लीगी जमात के लोगों ने सेहत विभाग और प्रशासन के साथ आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
शुक्रवार को मोहाली में दो लोगों की सैंपल रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें से एक कोरोना पीड़ित सेक्टर-68 में रहने वाले 62 साल के बुजुर्ग हैं और दूसरा गांव मौली में रहने वाला 42 साल का युवक है। यह दोनों लोग दिल्ली के मरकज में शामिल होकर आए थे। सेहत विभाग ने जमात में शामिल होकर लौटे 12 लोगों को सेक्टर-68 के मौली बैदवान से लाकर अस्पताल में क्वारंटीन किया है। हालांकि पांच जमातियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है और पांच की रिपोर्ट का इंतजार है।
मोहाली का सेक्टर-68 पॉश इलाकों में गिना जाता है। जमातियों की मौजूदगी और उसके बाद दो जमातियों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया है। नगर निगम की टीम पूरे एरिया को आइसोलेट कर रही है। उधर, इन जमातियों की ओर से सहयोग नहीं मिलने के कारण स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को इनके संपर्क में आए लोगों को तलाशने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
22 की रिपोर्ट आना बाकी, 25 सैंपल और भेजे
सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि जमातियों के संपर्क में आए लोगों को तलाशने की कोशिश की जा रही है। इनकी ट्रैवल हिस्ट्री समेत संपर्क को पता करने की कोशिश की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को पहले कोरोना संक्रमित पाए गए लोगों के संपर्क में आने वाले 25 लोगों के सैंपल जांच को भेजे हैं। वहीं, 22 की रिपोर्ट आना बाकी है।
जगतपुरा में 48 लोगों की रिपोर्ट आई निगेटिव
उधर, कोरोना पॉजिटिव पाए गए जगतपुरा निवासी 55 साल के व्यक्ति के संपर्क में आए 48 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसी तरह एक अन्य कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने वाले 14 लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।