चंडीगढ़। हल्लोमाजरा में रेहड़ी के पंक्चर टायर को लेकर हुए विवाद में कुछ युवकों ने दो युवकों से पहले मारपीट की और बाद में चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल निखिल और पंकज को जीएमसीएच-32 में भर्ती किया गया है। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने घायलों की बहन की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। आरोपी की पहचान हल्लोमाजरा निवासी शिवम (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी शिवम को जिला अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अन्य आरोपियों के बारे में शिवम से पूछताछ कर रही है।
घायलों की बहन रूबी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके मामा संतोष पड़ोस में ही रहते हैं। मामा संतोष के घर पर चिकी नामक व्यक्ति आया था। चिकी ने संतोष से रेहड़ी ली और बाद में वापस लाकर पार्क कर दिया। रेहड़ी का टायर पंचर था, जिस पर संतोष ने चिकी को ठीक करवाने को कहा। चिकी ने संतोष को 50 रुपये देकर कहा कि इसे खुद ठीक करवा लो। जब उनका आपस में विवाद हुआ तो चिकी ने संतोष को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद उसके भाई शिवम और कुणाल दोस्तों के साथ वहां आ धमके। मामा के बचाव में आए उनके भाई निखिल और पंकज को उन लोगों ने बुरी तरह पीटा और चाकू से जख्मी कर मौके से फरार हो गए।