तेज रफ्तार स्कार्पियो पेड़ से टकराई, टीवी सीरियल कलाकार की मौत, चंडीगढ़ में हुआ हादसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीवी सीरियल कलाकार चंडीगढ़ निवासी मोहन कपूर की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनके दोस्त सेक्टर-28 मोटर मार्केट के प्रधान रविंदर सिंह गिल गंभीर रूप घायल हैं। हादसा सेक्टर-27/30 की विभाजित सड़क पर हुआ। उनकी तेज रफ्तार स्कार्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।
हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी के चक्के तक बाहर आ गए। पुलिस की शुरुआती जांच में गाड़ी के आगे कुत्ता आ जाने की वजह से हादसा हुआ है। सेक्टर-29 में रहने वाले मोहन कपूर अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। पिछले कई साल से वे मुंबई में रह रहे थे।
हादसा मंगलवार देर रात करीब 12.30 बजे हुआ। मोहन कपूर अपने दोस्त रविंदर सिंह गिल के साथ सेक्टर-22 से स्कॉर्पियो गाड़ी से पंचकूला जा रहे थे। सेक्टर-27/30 की विभाजित सड़क के पास अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर साइकिल ट्रैक पर चढ़ गई और एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मोहन व रविंदर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
शोरशराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। लोगों की सहायता से पुलिस ने दोनों को गाड़ी से मुश्किल से बाहर निकालकर जीएमसीएच- 32 पहुंचाया, जहां बुधवार को इलाज के दौरान मोहन कपूर ने दम तोड़ दिया। जबकि रविंदर सिंह गिल के सीने पर गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल वह अस्पताल में उपचाराधीन है। वहीं सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों का बयान दर्ज किया, जिसमें सामने आया की हादसा सड़क पर अचानक कुत्ता के आने की वजह से हुआ। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में कैद हादसा
पुलिस का कहना है कि मोहन और रविंदर आपस में दोस्त हैं। ये दोनों घटना वाली रात सेक्टर-22 से आ रहे थे। जांच में पुलिस को आशंका है कि हादसे के दौरान दोनों ने सीट बेल्ट नहीं पहना था। इस कारण गाड़ी में टक्कर की वजह से बोनट पर जोरदार धक्का लगा और दोनों के सीने पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने जब घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो हादसा कैद था। इससे साफ हुआ कि हादसे वाली रात स्कॉर्पियो गाड़ी तेज रफ्तार से आकर पेड़ से जा टकराई।
मोहन कपूर टीवी सीरियल का कलाकार
मोहन कपूर की चार फरवरी को दिल्ली से मुंबई की फ्लाइट थी। यह भी बताया गया कि मोहित कई सीरियल में काम करने के अलावा पंजाबी फिल्मों में साइड रोल कर चुके थे। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।