Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Tricity sees a windfall of over 950 crore on Dhanteras; traffic jams cause major distress. major distress.

Chandigarh News: ट्राइसिटी में धनतेरस पर 950 करोड़ से ज्यादा की धनवर्षा, जाम ने निकाला दम

Sat, 07 Nov 2026 02:27 AM IST
Chandigarh Bureau चंडीगढ़ ब्यूरो
Updated Sat, 07 Nov 2026 02:27 AM IST
विज्ञापन
Tricity sees a windfall of over 950 crore on Dhanteras; traffic jams cause major distress. major distress.
चंडीगढ़ में 500 करोड़ से अधिक, पंचकूला में 200 करोड़ और मोहाली में करीब 250 करोड़ का कारोबार
विज्ञापन

सोना-चांदी, ऑटोमोबाइल से लेकर बर्तन, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक्स तक हर बाजार में उमड़ी भीड़
चंडीगढ़ में 200 करोड़ का सराफा कारोबार, पंचकूला में वाहनों की खरीद से 100 करोड़ और मोहाली में एक हजार दोपहिया व 150 से अधिक कारें बिकीं
20 मिनट का रास्ता तय करने में लगे डेढ़ घंटे तक, पार्किंग फुल होने से बाजारों के आसपास दिनभर जाम

माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। धनतेरस पर शुक्रवार को ट्राइसिटी के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर नई कार, दोपहिया वाहन, बर्तन, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स और ड्राई फ्रूट तक हर कारोबार में रौनक रही। शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए सुबह से देर रात तक बाजारों और शोरूम में ग्राहकों की भीड़ उमड़ती रही। शुरुआती अनुमानों के अनुसार चंडीगढ़ में 500 करोड़ रुपये से अधिक, पंचकूला में करीब 200 करोड़ और मोहाली में लगभग 250 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। दूसरी ओर, खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ ने तीनों शहरों की यातायात व्यवस्था की परीक्षा ले ली। पार्किंग स्थल फुल हो गए और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई जगह 20 मिनट का सफर तय करने में एक से डेढ़ घंटे तक लग गए।
सुबह से देर रात तक बाजारों में चहल-पहल
चंडीगढ़ के सेक्टर-17, 18, 19, 22 और 35 समेत प्रमुख बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई। ज्वेलरी शोरूम से लेकर कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल फोन, बर्तनों और सजावटी सामान की दुकानों तक रौनक रही। लोगों ने शुभ मुहूर्त में खरीदारी को प्राथमिकता दी। सोने-चांदी के कारोबार का आंकड़ा करीब 200 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। सुंदर ज्वेलर्स के मालिक महेंद्र खुराना और शाम ज्वेलर्स के मालिक गगन खुराना के अनुसार ग्राहकों ने हल्के वजन के आभूषणों, सोने के सिक्कों और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली ज्वेलरी को पसंद किया। चांदी के सिक्कों और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की मांग भी काफी रही।
विज्ञापन

चंडीगढ़ में 324 कारें और 511 दोपहिया वाहन बिके
ऑटोमोबाइल बाजार में भी धनतेरस की रौनक देखने को मिली। चंडीगढ़ ऑटोमोबाइल एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजीव दहूजा के अनुसार शहर में 324 कारों और 511 दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई। कई परिवार पहले से बुक कराए वाहनों की डिलीवरी लेने पहुंचे। चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्ढा ने बताया कि प्रमुख बाजारों में कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल फोन और बर्तनों की बिक्री अच्छी रही। ग्रेन मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहित सूद के अनुसार ड्राई फ्रूट की खरीदारी में भी तेजी रही। लोगों ने बादाम, काजू, अखरोट, पिस्ता, किशमिश और गिफ्ट पैक खरीदे। बर्तन कारोबारी नरेश बंसल के अनुसार स्टील के बर्तनों को शुभ मानने की परंपरा के चलते इनकी मांग काफी अधिक रही।
विज्ञापन
विज्ञापन

पंचकूला में 200 करोड़ का कारोबार, वाहनों की खरीद सबसे आगे

पंचकूला में धनतेरस पर करीब 200 करोड़ रुपये के कारोबार का शुरुआती अनुमान है। यहां ऑटोमोबाइल सेक्टर सबसे आगे रहा। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बिक्री से करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। सराफा बाजार में भी खरीदारी का उत्साह रहा। ज्वेलर एसोसिएशन के सदस्य एवं सेक्टर-9 निवासी विशाल गर्ग ने सोने-चांदी की खरीदारी से 100 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान जताया। लोगों ने आभूषणों के साथ सोने-चांदी के सिक्कों की भी खरीदारी की।
इलेक्ट्रिक वाहनों की भी जमकर बुकिंग
व्यापारियों के शुरुआती आकलन के अनुसार पंचकूला में मिठाई और गिफ्ट कारोबार में 20 करोड़, बर्तन बाजार में 25 करोड़ और कपड़ा मार्केट में 15 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। सुनंदा ग्रीनटेक के मालिक ध्रुव वालिया ने बताया कि बाजार में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस बार बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहनों की बुकिंग भी हुई। सेक्टर-4, 7, 8, 9, 11, 15, 20 और 25 के बाजार सुबह से देर रात तक गुलजार रहे। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए लकी ड्रॉ और विशेष ऑफर भी दिए।
मोहाली में सोने से ज्यादा चांदी की मांग
मोहाली में धनतेरस पर करीब 250 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। यहां सोने-चांदी का कारोबार करीब छह से सात करोड़ रुपये रहा। इस बार सोने के मुकाबले चांदी की खरीदारी अधिक रही। मोहाली ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सरबजीत सिंह पारस के अनुसार करीब दस किलो सोने की बिक्री हुई, जो पिछले साल के मुकाबले कम है। फेज-3बी2, फेज-7, फेज-11, फेज-3बी1, फेज-4 और फेज-5 के बाजारों में दिनभर भीड़ रही। स्टील, कांसे और तांबे के बर्तनों की मांग इतनी रही कि कई दुकानों पर दोपहर तक स्टॉक खत्म हो गया। मोहाली व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपप्रधान अकबिंदर सिंह गोसल ने कहा कि ग्राहकों के उत्साह से कारोबारी खुश हैं।
मोहाली में एक हजार दोपहिया और 150 से अधिक कारें बिकीं
ऑटोमोबाइल बाजार में करीब एक हजार दोपहिया वाहन और 150 से अधिक कारों की बिक्री हुई। शोरूम में विशेष ऑफर और सजावट के जरिये ग्राहकों को आकर्षित किया गया। इलेक्ट्रॉनिक्स और होम डेकोर की दुकानों पर टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और मोबाइल फोन की खरीदारी भी हुई।

पार्किंग फुल, सड़कों पर वाहनों की कतारें
तीनों शहरों में बाजारों के आसपास पार्किंग की कमी और वाहनों की बढ़ती संख्या से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। पंचकूला के सेक्टर-4, 7, 8, 9, 11, 15, 20 और 25 के आसपास जाम लगता रहा। मोहाली के फेज-3बी2, फेज-7, फेज-11 और फेज-5 में सड़क किनारे खड़े वाहनों से यातायात बाधित हुआ। जीरकपुर और खरड़-कुराली हाईवे पर भी वाहनों का दबाव बढ़ा। चंडीगढ़ के प्रमुख बाजारों और शोरूम के आसपास भी वाहन रेंगते नजर आए। सुबह से देर रात तक यातायात का दबाव बना रहा। त्योहार पर खरीदारी की खुशी के बीच लोगों को जाम और पार्किंग की परेशानी से जूझना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed