बठिंडा में तीन शिक्षकों ने खाया जहर, दो की हालत गंभीर
माल रोड पर पानी की टंकी के नीचे एक साइड रोड जाम कर धरने पर बैठे दो ईजीएस/एसटीआर/एआईई वालंटियर्स ने जहर खा लिया। उन्हें गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
तीसरे अध्यापक को साथियों ने रोक लिया। वालंटियर इसी टंकी पर काफी समय से चढ़े हुए हैं। वहीं अध्यापकों के जहर खाने की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। देर शाम खबर लिखे जाने तक धरना जारी था।
ईजीएस/एसआई/एसटीआर शहीद किरणजीत कौर एक्शन कमेटी के आह्वान पर सैकड़ों वालंटियरों ने संघर्ष के दौरान शहीद हुई नन्ही रूथ का श्रद्धांजलि समारोह मनाते हुए गोल डिग्गी के पास मेन चौक पर धरना लगाया था।
रोड जाम कर सरकार के खिलाफ कर रहे थे प्रदर्शन
शाम साढ़े पांच बजे से साढ़े सात बजे तक जाम लगा रहा। इस दौरान एसडीएम और तहसीलदार ने अध्यापकों से बात करने की कोशिश की तो अध्यापकों ने उनके सामने ही जहर खा लिया।
तीसरे अध्यापक कुलविंदर सिंह को उसके साथियों ने रोक लिया। बाकी दोनों अध्यापक सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। प्रशासन ने उन्हें सरकार से मिलवाने का आश्वासन दिया है।
प्रांतीय नेता स्वर्णा देवी ने कहा कि सरकार ने उन्हें चुनाव आचार संहिता से पहले नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए तो वह पूरे पंजाब में सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई शुरू करेंगे।